झाझा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, चचेरा भाई सहित चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
सिटी संवाददाता : ब्रह्मदेव प्रसाद यादव
झाझा/जमुई, 5 मार्च 2025 : झाझा थाना क्षेत्र के एक गाँव में 10 फरवरी को नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। इस जघन्य अपराध में पीड़िता के चचेरे भाई सहित पांच आरोपी शामिल थे। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अब भी फरार है।
गिरफ्तारी एवं पुलिस की कार्रवाई:
इस मामले में 28 फरवरी को पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में एसएचओ संजय सिंह और पुलिस टीम ने छापेमारी कर चार आरोपियों को पीड़िता के गाँव से ही गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ ने मामले की जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
सूरज मुर्मू (पीड़िता का चचेरा भाई), मुकेश मुर्मू, गुरुदेव मुर्मू, सकलदेव मुर्मू के रूप में हुई है।
फरार आरोपी:
सोनेलाल मुर्मू – पुलिस जल्द ही उसकी गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
घटना का विवरण:
पीड़िता द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, 10 फरवरी को जब उसके चाचा-चाची किसी रिश्तेदार के घर गए थे, तो वह अपने चचेरे भाई के घर दोपहर में खाना बनाने गई थी। तभी वहां मौजूद सूरज मुर्मू और उसके तीन साथियों ने जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पीड़िता डरी-सहमी रही और किसी को कुछ नहीं बताया। 26 फरवरी को जब उसके माता-पिता पटना से घर लौटे, तब उसने पूरा मामला उन्हें बताया। इसके बाद 28 फरवरी को थाना में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का बयान:
एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि फरार आरोपी सोनेलाल मुर्मू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही, मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पीड़िता को उचित कानूनी मदद व सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
पुलिस ने आश्वासन दिया कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment