विश्व एड्स दिवस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा वृक्षारोपण अभियान का आयोजन
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
तारापुर/मुंगेर: विश्व एड्स दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रणगाँव स्थित ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल परिसर में पीपल और पाकड़ के पांच वृक्षों का रोपण किया। इस अभियान का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी आनंदी पंडित ने किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने इस अवसर पर बताया कि संघ की स्थापना 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा की गई थी, और 2025 में संघ अपना शताब्दी वर्ष मनाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर संघ शाखाओं का विस्तार और राष्ट्रभक्तों का निर्माण संघ का मुख्य उद्देश्य होगा।
कार्यक्रम में शाण्डिल्य ने विश्व एड्स दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह दिन संसार भर में एड्स जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि एड्स के पहले मामले की पहचान 1981 में अमेरिका में हुई थी, जबकि भारत में इसका पहला मामला 1986 में सामने आया। 1988 से हर वर्ष 1 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई।
शाण्डिल्य ने कहा कि मानव जनसंख्या में अत्यधिक वृद्धि और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी समस्याएं एड्स जैसी महामारियों को बढ़ावा देती हैं। ऐसे में वृक्षारोपण जैसे प्रयास पर्यावरण संतुलन और मानव कल्याण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
वृक्षारोपण अभियान में देवेन्द्र कुमार, मुकेश कुमार, रवि कुमार चौधरी, कुणाल किशोर, चित्रसेन कुमार बच्चन, भूपेश कुमार, विनोद कुमार साह, गोरे लाल यादव, वशिष्ठ यादव, जगदीश पासवान, सीता देवी, दिव्यांशु यादव समेत कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरण के इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
No comments:
Post a Comment