जदयू कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में चुनावी तैयारी पर दिया जोर
सिटी संवाददाता : अभिषेक सिन्हा
जमुई : शनिवार को शिल्पा विवाह भवन में जमुई प्रखंड जदयू एवं नगर जदयू कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड जदयू अध्यक्ष जमील अहमद और नगर अध्यक्ष पवन साह ने की।
सम्मेलन में जदयू जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "अब समय आ गया है कि हम सभी अपने-अपने बूथों पर लोगों को जागरूक करें और पार्टी संगठन को मजबूत बनाएं।" साथ ही, उन्होंने 7 दिसंबर को जमुई में आयोजित जदयू कार्यकर्ताओं के महाकुंभ में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की।
जमुई विधानसभा प्रभारी अवधेश कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि, "आज विकास के कार्य अपनी कहानी खुद कह रहे हैं। हमें इसे आम जनता तक पहुंचाने के लिए सजग रहना होगा और बूथ कमेटियों के गठन पर जोर देना होगा।"
पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, "बिहार के विकास में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भूमिका को बताना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रदेश को जंगलराज से बाहर निकालकर एक विकसित राज्य की ओर अग्रसर किया है।"
कार्यक्रम में जमुई प्रखंड प्रभारी जयनंदन सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुनील बर्नवाल, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष स्नेहलता देवी, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मनोज मंटू, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रमोद चंद्रवंशी, प्रदेश सचिव महेंद्र बर्नवाल, शिक्षा प्रकोष्ठ अध्यक्ष नीतीश कुमार सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया।
No comments:
Post a Comment