** जमुई में मंटून मांझी हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल लोकेशन के आधार पर गिरफ्तारी**
सिटी संवाददाता : भूपेन्द्र सिन्हा/अभिषेक सिन्हा
जमुई : बहुचर्चित मंटून मांझी हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विमल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के अंदर ही की गई। विमल सिंह की गिरफ्तारी मोबाइल लोकेशन के आधार पर हुई, जिससे पुलिस को जल्द ही आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली।
घटना टाउन थाना क्षेत्र के कवैया मुसहरी इलाके की है। गुरुवार की शाम टाउन थाना परिसर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सतीश सुमन ने इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कवैया मुसहरी के निवासी जहुरी मांझी के 45 वर्षीय बेटे मंटून मांझी के साथ विमल सिंह ने मारपीट की थी। विमल सिंह, जो कि नीमारंग मोहल्ला निवासी केदार सिंह का बेटा है, ने मंटून मांझी के साथ 9 अक्टूबर को गंभीर मारपीट की, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया था। 21 दिनों तक चले इलाज के बाद 30 अक्टूबर को मंटून मांझी ने दम तोड़ दिया।
मंटून मांझी की मृत्यु से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमुई-खैरा मुख्य मार्ग को शव रखकर करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। घटना के बाद, मृतक की पत्नी संजू देवी ने टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विमल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ सतीश सुमन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना में शामिल अन्य प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले में पूरी सख्ती से काम कर रही है और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
गौरतलब है कि घटना के बाद आरोपी विमल सिंह ने मृतक के परिवार को धमकी दी थी कि अगर पुलिस में शिकायत की गई, तो उसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पुलिस ने इसी धमकी को ध्यान में रखते हुए मोबाइल लोकेशन ट्रैक किया और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफल रही।
No comments:
Post a Comment