20 वें सिविल सर्जन के रूप में डॉ. विनय कुमार शर्मा ने किया पदभार ग्रहण - City Channel

Breaking

Sunday, February 14, 2021

20 वें सिविल सर्जन के रूप में डॉ. विनय कुमार शर्मा ने किया पदभार ग्रहण

☕कहा : स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता।☕बोले : कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं करेंगे।

सिटी ब्यूरो राजीव रंजन की रिपोर्ट, संवाद : डॉ० निरंजन कुमार 

जमुई : जिला के सदर अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में 20 वें सिविल सर्जन के तौर पर डॉ. विनय कुमार शर्मा ने शनिवार को पदभार ग्रहण किया। पुराने सिविल सर्जन डॉ. विजयेंद्र सत्यार्थी ने उन्हें पदभार सौंपा। डॉ. शर्मा ने पदभार संभालने के बाद कहा कि स्वास्थ्य सेवा एक चुनौतीपूर्ण कार्य है और इसे पूरी निष्ठा के साथ करना है। इस सेवा को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम करने की जरूरत है।

   उन्होंने आगे कहा कि जमुई में स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के लिए कार्य संस्कृति में बदलाव की जरूरत है। डॉ. शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी - अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। जिम्मेदारी के अनुकूल काम करने से ही हमारे कार्य संस्कृति में सुधार होगा और हम सभी को बेहतर सेवा दे सकेंगे। सिविल सर्जन डॉ. शर्मा ने कहा कि सीमित संसाधन में स्वास्थ्य विभाग को बेहतर सेवा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के सभी कर्मियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाना होगा। 

अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो , इसका भी विशेष ख्याल रखना होगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आए मरीज संतुष्ट होकर अपना इलाज करा सकें , इसके लिए अस्पताल प्रशासन कारगर प्रयास करेगी। डॉ. शर्मा ने कहा कि यह एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। लेकिन चुनौतियों को स्वीकार करने से ही हालात बेहतर बनेंगे। सिविल सर्जन डॉ. शर्मा ने तल्ख अंदाज में कहा कि कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने देय दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किये जाने का संदेश दिया। सदर अस्पताल के उप अधीक्षक डॉ. सैय्यद नौशाद अहमद , स्वास्थ्य कर्मी मुकेश कुमार , विपिन कुमार सिंह , अवधेश , केयर इंडिया के प्रतिनिधि संजय कुमार समेत कई जन  मौके पर उपस्थित थे।

      उल्लेखनीय है कि नव पदस्थापित  सिविल सर्जन डॉ. शर्मा पड़ोसी जिला मुंगेर के स्थायी निवासी हैं। वे जमुई जिले के सोनो स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्ष 1989 से 1997 तक चिकित्सक और प्रभारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। जमुई जिला में सिविल सर्जन के रूप में उन्हें दूसरी बार पदस्थापित किया गया है।  उन्होंने  इसके पूर्व कई जिलों में विभिन्न पदों पर रहकर स्वास्थ्य सेवा को गति देने का काम किया है। डॉ. शर्मा 31 जनवरी 2023 को अवकाश ग्रहण करेंगे।


No comments:

Post a Comment

Pages