◆माननीय जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और डीडीसी ने दिया प्रमाण पत्र।
सिटी ब्यूरो राजीव रंजन की रिपोर्ट
जमुई : केड़िया के जैविक खेती कर रहे किसानों के समूह केड़िया जीवित माटी कृषक सेवा स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के लिए दोहरी ख़ुशी का दिन साबित हुआ। देश के 72वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर उन्हें जमुई के जिलाधिकारी श्री अवनीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार मंडल, एडीएम श्री संजय कुमार एवं डीडीसी श्री आरिफ अहसन ने संयुक्त रूप से किसान समूह के प्रतिनिधि और जिले के प्रतिष्ठित किसान श्री राजकुमार यादव को जैविक प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
ज्ञात हो कि केड़िया के इस किसान समूह को देश के पहले जैविक राज्य सिक्किम की जैविक प्रमाणन एजेंसी ने प्रमाणित किया है। यह जमुई के लिए भी गौरव का विषय है कि जिले के इस समूह को राज्य के पहले प्रमाणित जैविक समूह होने का अवसर मिला है।2014 में केड़िया के दर्जनों किसानों ने जैविक खेती की ओर कदम बढ़ाया था। इस अभियान में उन्हें जिला कृषि विभाग, जमुई आत्मा, जीविका, बागवानी विभाग समेत पूरे जिला प्रशासन का साथ मिला। ग्रीनपीस इंडिया के जीवित माटी अभियान के रूप में एक भरोसेमंद साथी भी मिला जिससे तमाम तरह की सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय चुनौतियों और समस्याओं का सामना करते हुए किसानों ने यह साबित किया है कि किसान, प्रशासन और नागरिक समाज के सामूहिक प्रयास से मुश्किल से मुश्किल मंज़िल भी हासिल की जा सकती है।इस प्रमाण पत्र के मिलने के बाद अब इस समूह के किसान अपने उत्पाद को जैविक उत्पाद के रूप में बेच सकते हैं। केड़िया के किसान राजकुमार यादव ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी इस सफलता में जमुई जिला प्रशासन और ग्रीनपीस के जीवित माटी अभियान के अलावा बिहार सरकार की बड़ी भूमिका है। यह एक साझी सफलता है। हमारी सहकारी समिति जिला कृषि पदाधिकारी श्री संजय कुमार आत्मा पीडी श्री पंकज कुमार सिंह, जिला बागवानी पदाधिकारी श्री रूपेश अग्रवाल जीविका के डीपीएम श्री विक्रांत सिंह के साथ साथ पूर्व पदाधिकारियों के भी आभारी हैं।
No comments:
Post a Comment