बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा के बाद जमुई पहुंचे क्रिकेटर ईशान किशन, डीएम नवीन से की आत्मीय मुलाकात - City Channel

Breaking

Friday, November 27, 2026

बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा के बाद जमुई पहुंचे क्रिकेटर ईशान किशन, डीएम नवीन से की आत्मीय मुलाकात

बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा के बाद जमुई पहुंचे क्रिकेटर ईशान किशन, डीएम नवीन से की आत्मीय मुलाकात

🔸जिला पदाधिकारी ने जमुई की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक विरासत और पर्यटन स्थलों की दी जानकारी, ईशान किशन ने दोबारा जमुई आने की जताई इच्छा।

जमुई: भारतीय क्रिकेट टीम के प्रतिभाशाली खिलाड़ी ईशान किशन शुक्रवार को जमुई पहुंचे, जहां उन्होंने जिला पदाधिकारी नवीन से उनके आवास पर मुलाकात की। देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद लौटने के क्रम में ईशान किशन जिला पदाधिकारी के आवास पहुंचे। इस दौरान दोनों के बीच आत्मीय मुलाकात और बातचीत हुई।

मुलाकात के दौरान ईशान किशन ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर, खेल यात्रा और क्रिकेट के मैदान पर अर्जित अनुभवों को साझा किया। वहीं जिला पदाधिकारी ने भी उनसे खेल और अन्य विषयों पर चर्चा की।

डीएम ने बताई जमुई की प्राकृतिक और धार्मिक पहचान

बातचीत के दौरान जिला पदाधिकारी नवीन ने ईशान किशन को जमुई जिले की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया।

उन्होंने भगवान महावीर की जन्मस्थली के रूप में जमुई की विशिष्ट पहचान का उल्लेख करते हुए जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी। इनमें नागी-नकटी पक्षी आश्रयणी, गिद्धेश्वर वन्य क्षेत्र और पंचभूर झरना सहित कई प्राकृतिक एवं धार्मिक महत्व के स्थल शामिल रहे।

डीएम ने इन स्थलों की जैव विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की संभावनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।

जमुई की खूबसूरती जानकर प्रभावित हुए ईशान किशन

जिला पदाधिकारी द्वारा जमुई की प्राकृतिक संपदा और धार्मिक विरासत के बारे में दी गई जानकारी को ईशान किशन ने काफी रुचि और उत्सुकता के साथ सुना। जिले के पर्यटन स्थलों और यहां की विविध संभावनाओं के बारे में जानकर उन्होंने जमुई फिर से आने की इच्छा व्यक्त की।

इस मुलाकात को जिले की प्राकृतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को सामने लाने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages