गरही मोड़ पर सड़क जाम के बाद हरकत में आई पुलिस, शंकर यादव हत्याकांड में पिता-पुत्र गिरफ्तार - City Channel

Breaking

Tuesday, November 10, 2026

गरही मोड़ पर सड़क जाम के बाद हरकत में आई पुलिस, शंकर यादव हत्याकांड में पिता-पुत्र गिरफ्तार

गरही मोड़ पर सड़क जाम के बाद हरकत में आई पुलिस, शंकर यादव हत्याकांड में पिता-पुत्र गिरफ्तार

🔸एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े थे ग्रामीण, SDPO और साइबर DSP ने दिया था 24 घंटे का भरोसा; अन्य आरोपियों की तलाश जारी।

जमुई: शंकर यादव हत्याकांड में मंगलवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुमेल यादव और उनके बेटे बिरजू यादव के रूप में हुई है। दोनों को मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे गरही थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पकड़ा।

दो आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले मंगलवार सुबह मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने गरही मोड़ पर सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी। लोगों का कहना था कि हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने सभी नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान लगभग तीन घंटे तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप रही।

जाम की सूचना पर गरही और खैरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, ग्रामीण एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद प्रभारी सदर एसडीपीओ और साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।

इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान हुई थी मौत

बताया जाता है कि रविवार देर शाम पुराने विवाद को लेकर शंकर यादव पर धारदार हथियार और भाले से हमला किया गया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। हालांकि, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मृतक के बड़े बेटे वीरेंद्र यादव ने इस मामले में संजय यादव, बिरजू यादव, सकलदेव यादव, गुमेल यादव, बासो यादव, कपिलदेव यादव और जगदीश यादव समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

दो महीने पुराना विवाद बना हत्या की वजह?

परिजनों का आरोप है कि करीब दो महीने पहले बकरी और कुत्ते को लेकर विवाद हुआ था। इसी मामले में दर्ज मुकदमे को वापस लेने के लिए धमकी दी जा रही थी। परिजनों ने पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया है।

पुलिस ने फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शेष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Pages