जमुई की बेटी वीरा रानी ने कराटे में जीता गोल्ड मेडल, -42 किलो भार वर्ग में बनीं राज्य चैंपियन
जमुई। जमुई की होनहार बेटी वीरा रानी ने राज्य स्तरीय बालिका कराटे विद्यालय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की है। उन्होंने -42 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने जिले, बल्कि अपने प्रमंडल का भी नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, सुपौल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय बालिका कराटे प्रतियोगिता में बिहार के सभी प्रमंडलों से बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में कड़े मुकाबलों के बीच वीरा रानी ने अपनी तकनीकी दक्षता, आत्मविश्वास, अनुशासन और बेहतरीन खेल कौशल का परिचय देते हुए पहला स्थान हासिल किया।
डीएम ने दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना
वीरा रानी की इस शानदार उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी, जमुई ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वीरा रानी की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। जमुई की बेटियां शिक्षा के साथ-साथ खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि वीरा रानी की यह उपलब्धि जिले की अन्य बालिकाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।
कोच ने सफलता का श्रेय मेहनत और अनुशासन को दिया
वीरा रानी के कोच सैयद तलहा अहमद ने भी उनकी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ी की निरंतर मेहनत, लगन, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने वीरा रानी के माता-पिता के सहयोग, प्रोत्साहन और सकारात्मक माहौल की भी सराहना की।
वीरा रानी की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, उचित प्रशिक्षण और निरंतर मेहनत के दम पर जिले की बेटियां राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उनकी इस उपलब्धि को जमुई के खेल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


No comments:
Post a Comment