15 किलोमीटर का दुर्गम रास्ता पार कर गोली गांव पहुंचे जमुई के युवा, 200 परिवारों की दीपावली बनाई खास - City Channel

Breaking

Monday, November 9, 2026

15 किलोमीटर का दुर्गम रास्ता पार कर गोली गांव पहुंचे जमुई के युवा, 200 परिवारों की दीपावली बनाई खास

15 किलोमीटर का दुर्गम रास्ता पार कर गोली गांव पहुंचे जमुई के युवा, 200 परिवारों की दीपावली बनाई खास

**‘साइकिल यात्रा एक विचार’ की टीम ने जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच बांटे कपड़े, मिठाइयां और उपहार; बच्चों के चेहरों पर लौटी मुस्कान**

**जमुई:** किसी के घर में दीपों की जगमगाहट थी तो किसी के जीवन में त्योहार की खुशियां पहुंचाने की जरूरत। इसी सोच के साथ जमुई के युवाओं ने इस दीपावली एक ऐसी मिसाल पेश की, जिसने सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदना की खूबसूरत तस्वीर सामने रखी। ‘साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई’ के सदस्यों ने खैरा प्रखंड की गोली पंचायत के गोली गांव पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली मनाई।

यह गांव जमुई से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां तक पहुंचने के लिए युवाओं को मुख्य सड़क से लगभग 15 किलोमीटर का दुर्गम और बेहद कठिन रास्ता तय करना पड़ा। रास्ते की परेशानियां भी उनके हौसले को नहीं डिगा सकीं। टीम के सदस्य गांव पहुंचे और लगभग 200 परिवारों के बीच दीपावली के उपहार, मिठाइयां और कपड़े बांटे। सामान पाकर बच्चों और ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

**दस साल से चला रहे हैं खुशियां बांटने की मुहिम**

मंच के संस्थापक विवेक कुमार ने बताया कि संस्था पिछले दस वर्षों से दीपावली के अवसर पर ऐसे सुदूर इलाकों में पहुंचती रही है, जहां आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर परिवार त्योहार की खुशियों से वंचित रह जाते हैं।

उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास सिर्फ मिठाई और उपहार बांटना नहीं, बल्कि उन गांवों की ओर समाज और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना भी है, जहां आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उद्देश्य है कि इन इलाकों में केवल एक दिन त्योहार की खुशियां न पहुंचें, बल्कि भविष्य में सुविधाओं के विस्तार का रास्ता भी खुले।

**मुश्किल रास्ते के बावजूद नहीं रुकी टीम**

मंच के सदस्य लड्डू मिश्रा ने बताया कि गोली गांव तक पहुंचना इस बार काफी चुनौतीपूर्ण रहा। मुख्य सड़क से गांव तक का रास्ता इतना कठिन था कि कई बार कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने को लेकर संदेह होने लगा था। लेकिन टीम के सदस्यों ने एक-दूसरे का हौसला बढ़ाया और आखिरकार गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ दीपावली मनाई।

उन्होंने कहा कि दीपावली का असली अर्थ केवल अपने घर को रोशन करना नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में भी खुशियों का उजाला लाना है। जब समाज के अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान आती है, तभी ऐसे प्रयास सार्थक होते हैं।

इस सामाजिक अभियान में टिकु पासवान, संजीत कुमार, हेमराज कुमार, पिंटू यादव, संतोष रविदास, शैलेष भारद्वाज, पंकज कुमार, शान्तनु कुमार, हर्ष कुमार सिन्हा, गोलू कुमार, राकेश कुमार, शिवम कुमार, शुभम सिंह, संकेत सिंह, रामप्रवेश कुमार, प्रिंस कुमार, अमन कुमार, विशाल कुमार, अखिलेश सिंह, मोहित कुमार और फगुनी देवी सहित सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

युवाओं की इस पहल ने यह संदेश दिया कि त्योहार की असली खुशी तभी है, जब उसकी रोशनी समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।

No comments:

Post a Comment

Pages