जमुई में चार नई श्रम संहिताओं पर प्रशिक्षण शिविर, श्रमिकों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा पर जोर - City Channel

Breaking

Wednesday, October 28, 2026

जमुई में चार नई श्रम संहिताओं पर प्रशिक्षण शिविर, श्रमिकों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा पर जोर

जमुई में चार नई श्रम संहिताओं पर प्रशिक्षण शिविर, श्रमिकों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा पर जोर 

🔻संयुक्त श्रम भवन में जिला पदाधिकारी ने किया उद्घाटन, न्यूनतम मजदूरी, कार्यस्थल की सुरक्षा और श्रम कानूनों के अनुपालन पर दी गई जानकारी।

जमुई, 28 अक्टूबर 2026। श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और श्रम कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को जमुई के सोनपे स्थित संयुक्त श्रम भवन के सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर श्रम अधीक्षक कार्यालय, जमुई की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि बदलते आर्थिक और औद्योगिक परिवेश के अनुरूप श्रम कानूनों को सुव्यवस्थित करने का उद्देश्य श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करना, उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना और कार्यस्थल पर सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने श्रम कानूनों के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने पर विशेष जोर दिया।

चार श्रम संहिताओं के प्रावधानों की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण शिविर में चार श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें वेतन संहिता, सामाजिक सुरक्षा संहिता, व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता तथा औद्योगिक संबंध संहिता शामिल हैं।

प्रतिभागियों को न्यूनतम मजदूरी, समय पर वेतन भुगतान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ, कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं स्वास्थ्य और नियोक्ता-श्रमिक संबंधों को बेहतर बनाने से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही औद्योगिक विवादों के समाधान और श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन के महत्व पर भी चर्चा की गई।

श्रमिकों और नियोजकों को किया गया जागरूक

शिविर में श्रमिकों के साथ-साथ नियोजकों और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी श्रम संहिताओं के प्रावधानों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिक कल्याण से जुड़े नियमों की समझ विकसित करना तथा संबंधित पक्षों को कानूनों के अनुपालन के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर मुंगेर प्रमंडल के सहायक श्रमायुक्त, श्रम अधीक्षक, जमुई, झाझा, जमुई एवं सिकंदरा के कार्यपालक पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के प्रतिनिधि, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा नियोजक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा के प्रावधानों की जानकारी और कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया गया।

No comments:

Post a Comment

Pages