जमुई में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ, लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने मोहा मन - City Channel

Breaking

Friday, October 30, 2026

जमुई में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ, लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

जमुई में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ, लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने मोहा मन


🔸जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन, बोले- युवा ही हमारी सांस्कृतिक विरासत के वास्तविक संवाहक।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई। जिले की लोकसंस्कृति, पारंपरिक कलाओं और युवा प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्थानीय रावणेश्वर हॉल में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय उत्सव का उद्घाटन जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उत्सव के पहले दिन लोकगीत, लोकनृत्य, चित्रकला सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छठ गीत, पूरबी लोकगीत, पारंपरिक गोदना गीत, सोहर और कजरी की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, लोकनृत्य के माध्यम से कलाकारों ने बिहार की समृद्ध परंपरा, लोकआस्था और ग्रामीण जीवन की झलक प्रस्तुत की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी हमारी सांस्कृतिक विरासत की वास्तविक संवाहक है। आज के युवा ही भविष्य में लोककला, लोकगीत और पारंपरिक विधाओं को आगे बढ़ाकर वैश्विक पहचान दिलाएंगे। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को निखारने तथा स्थानीय कला और संस्कृति के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

दो दिवसीय युवा उत्सव का मुख्य उद्देश्य जिले के उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना, रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना और स्थानीय लोककलाओं का संरक्षण करना है।

उद्घाटन समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी धनंजय कुमार, कला संस्कृति पदाधिकारी विकेश कुमार, मद्य निषेध अधीक्षक सुभाष पांडेय, सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मेनका कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages