जमुई इंजीनियरिंग कॉलेज में ‘स्टार्टअप बैंक कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित
🔸युवाओं को स्टार्टअप फंडिंग, बैंक ऋण और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी।
जमुई, 29 अक्टूबर। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जमुई में गुरुवार को संस्थान के स्टार्टअप सेल एवं जिला उद्योग केंद्र, जमुई के संयुक्त सहयोग से ‘स्टार्टअप बैंक कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देना और उनके नवोन्मेषी विचारों को व्यवसाय का रूप देने के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के विभिन्न माध्यमों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सह उद्योग विस्तार पदाधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, यूको बैंक के सहायक प्रबंधक सुधांशु शेखर, केनरा बैंक के सहायक प्रबंधक राजकमल एवं इंडियन बैंक के प्रतिनिधि ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य डॉ. भोपाल कुमार ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्टार्टअप और नवाचार के महत्व से अवगत कराते हुए नए विचारों के साथ आगे बढ़ने तथा सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए रचनात्मक पहल करने को प्रेरित किया।
इस दौरान जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों ने स्टार्टअप फंडिंग, उद्योग विकास और सरकार की विभिन्न औद्योगिक योजनाओं की जानकारी दी। केनरा बैंक के सहायक प्रबंधक राजकमल ने स्टार्टअप के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं एवं वित्तीय सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। वहीं, यूको बैंक के सहायक प्रबंधक सुधांशु शेखर ने युवा उद्यमियों को वित्तीय सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से जुड़ी फिनटेक कंपनी ‘रेजरपे’ के प्रतिनिधियों ने डिजिटल भुगतान प्रणाली, फंडिंग और तकनीकी सहायता से संबंधित व्यावहारिक जानकारी साझा की। स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज सोनू कुमार ने आधुनिक तकनीक एवं नवाचार के माध्यम से स्टार्टअप को विस्तार देने और बाजार में अपनी पहचान बनाने के तरीकों पर प्रकाश डाला।
अंत में स्टार्टअप जिला समन्वयक मिथुन कुमार सिंह ने अतिथियों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने व्यावसायिक विचारों को साकार करने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

No comments:
Post a Comment