जमुई-लखीसराय सीमा के जंगलों में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त - City Channel

Breaking

Sunday, October 11, 2026

जमुई-लखीसराय सीमा के जंगलों में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त

जमुई-लखीसराय सीमा के जंगलों में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त

🔸दुर्गा पूजा को लेकर मलयपुर और चानन पुलिस का संयुक्त सर्च अभियान; करीब दो क्विंटल फुला हुआ जावा महुआ बरामद कर किया नष्ट, कारोबारी फरार।

जमुई। दुर्गा पूजा के दौरान अवैध शराब के निर्माण और आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए जमुई और लखीसराय जिले की सीमा से सटे जंगलों में पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। रविवार को जगुआजोर के जंगलों में छापेमारी के दौरान मलयपुर और चानन थाने की पुलिस ने अवैध शराब बनाने वाली आठ भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। मौके से करीब दो क्विंटल फुला हुआ जावा महुआ बरामद कर नष्ट किया गया। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान शराब कारोबारी फरार होने में सफल रहे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुर्गा पूजा को देखते हुए सीमावर्ती जंगलों में बड़े पैमाने पर अवैध शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद लखीसराय के एसपी के निर्देश पर दोनों थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। अभियान में मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरव, एसआई अंजय कुमार समेत मलयपुर पुलिस की टीम और चानन थानाध्यक्ष अपने जवानों के साथ शामिल रहे।

जंगल में तलाशी के दौरान मिलीं शराब भट्ठियां

पुलिस टीम ने जगुआजोर के जंगलों के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान झाड़ियों में छिपाकर रखा गया फुला हुआ जावा महुआ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर संचालित आठ अवैध शराब भट्ठियों को तोड़ दिया और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को नष्ट कर दिया।

कार्रवाई के दौरान किसी भी शराब कारोबारी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस अब अवैध शराब निर्माण और उसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों पर कार्रवाई के लिए अभियान जारी रखने की बात कह रही है।

दो जिलों की सीमा का फायदा उठाते हैं कारोबारी

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, घने जंगलों और दो जिलों की सीमा से सटे होने के कारण जगुआजोर का इलाका अवैध शराब कारोबारियों के लिए अनुकूल ठिकाना बना हुआ है। यहां तैयार की जाने वाली शराब की आपूर्ति जमुई और लखीसराय के विभिन्न इलाकों में किए जाने की बात कही जाती है।

पुलिस पहले भी इस क्षेत्र में छापेमारी कर शराब भट्ठियों और जावा महुआ को नष्ट करती रही है। इसके बावजूद अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना चुनौती बना हुआ है।

अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी

मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरव ने बताया कि दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान भारी मात्रा में फुला हुआ जावा महुआ और शराब बनाने वाली भट्ठियों को नष्ट किया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा और इसके खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Pages