जमुई में जनता दरबार, डीएम ने 34 फरियादियों की सुनीं समस्याएं राजस्व, - City Channel

Breaking

Friday, October 9, 2026

जमुई में जनता दरबार, डीएम ने 34 फरियादियों की सुनीं समस्याएं राजस्व,


🔸भूमि विवाद और पेंशन समेत कई मामलों पर सुनवाई, अधिकारियों को समय-सीमा में निष्पादन का निर्देश।

जमुई, 9 अक्टूबर। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ योजना के तहत जिला जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे 34 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके आवेदनों पर त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

भूमि विवाद और पेंशन समेत कई मामले पहुंचे

जनता दरबार में राजस्व एवं भूमि सुधार, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा, वासगीत पर्चा, विकास मित्र बहाली, सिविल सर्जन कार्यालय और भू-अर्जन कार्यालय से संबंधित मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की शिकायत को गंभीरता से सुना और प्राप्त आवेदनों को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों के पास भेजा।

लंबित मामलों की नियमित समीक्षा का निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और आवेदनों की अद्यतन स्थिति पर नजर रखने को कहा, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

उन्होंने आम नागरिकों की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और प्रत्येक मामले में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

जनता दरबार में जिला जन शिकायत कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी मो. नजरुल हक सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने आम लोगों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान को अपनी प्राथमिकता बताते हुए शिकायतों के निष्पादन में तेजी लाने पर जोर दिया।

No comments:

Post a Comment

Pages