जमुई में ‘नशामुक्त बिहार अभियान-2026’ का आगाज, एक महीने तक चलेंगी जागरूकता गतिविधियां - City Channel

Breaking

Tuesday, October 27, 2026

जमुई में ‘नशामुक्त बिहार अभियान-2026’ का आगाज, एक महीने तक चलेंगी जागरूकता गतिविधियां

जमुई में ‘नशामुक्त बिहार अभियान-2026’ का आगाज, एक महीने तक चलेंगी जागरूकता गतिविधियां

🔻राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, डीएम और एसपी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की अपील की।

जमुई। बिहार को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को ‘नशामुक्त बिहार अभियान-2026’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जमुई के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से 27 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा अभियान का शुभारंभ किया गया। कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह का उद्घाटन जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और उप विकास आयुक्त ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने राज्य स्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण देखा तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

युवाओं की ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग जरूरी: डीएम

जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश और राज्य की सबसे बड़ी शक्ति हैं। नशे के अवैध कारोबारी युवाओं की जिज्ञासा और रोमांच के प्रति आकर्षण का फायदा उठाकर उन्हें नशे की गिरफ्त में धकेलने का प्रयास करते हैं। नशे की लत से स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर और पारिवारिक जीवन प्रभावित होता है। इसके साथ ही आपराधिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

विद्यार्थियों को निर्माणाधीन परियोजनाओं का कराया जाएगा भ्रमण

कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों के तकनीकी और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन की आगामी पहल की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को प्रशासनिक एवं तकनीकी पदाधिकारियों के साथ निर्माणाधीन सड़कों, कॉजवे और पुल-पुलिया का भ्रमण कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के व्यावहारिक उपयोग को समझने और तकनीकी दक्षता विकसित करने में मदद मिलेगी।

नशा अपराधों को भी देता है बढ़ावा: एसपी

पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में युवाओं से अपनी ऊर्जा और क्षमता का सही दिशा में उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन को प्रभावित करता है। इसके साथ चोरी, हिंसा और अन्य आपराधिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

उन्होंने युवाओं को गलत संगति से बचने, करियर पर ध्यान केंद्रित करने और साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी। साथ ही अवैध नशे के कारोबार या बिक्री की जानकारी पुलिस को देकर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

26 नवंबर को मद्यनिषेध दिवस पर होगा समापन

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ‘नशामुक्त बिहार अभियान-2026’ के तहत जिले में एक महीने तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन 26 नवंबर को मद्यनिषेध दिवस के अवसर पर होगा।

अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना और वर्ष 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना है।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने, दूसरों को जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Pages