जमुई में छात्र-छात्रा से बदसलूकी का वीडियो वायरल, SIT गठित; तीन आरोपी गिरफ्तार
🔻19 सितंबर की शाम सदर थाना क्षेत्र की घटना; सोशल मीडिया वीडियो के आधार पर पुलिस ने दर्ज की FIR, अन्य आरोपियों की तलाश जारी।
जमुई, 21 सितंबर 2026: जमुई सदर थाना क्षेत्र में 19 सितंबर की शाम छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय थाने में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी। सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो और अन्य सामग्री का संज्ञान लेकर पुलिस ने स्वयं अनुसंधान शुरू किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के निर्देश पर SDPO दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने पीड़ितों की पहचान की और मामले में प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जमुई थाना में कांड संख्या 428/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 76, 3(5) तथा POCSO एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत दर्ज की गई है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ युवकों द्वारा छात्र-छात्रा को रोककर उनके साथ कथित अभद्र व्यवहार करते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने के लिए टेकडाउन प्रक्रिया भी शुरू की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संवेदनशील वीडियो को आगे शेयर या प्रसारित न करें, क्योंकि इससे पीड़ित की पहचान उजागर हो सकती है और जांच प्रभावित हो सकती है।
पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग पीड़ितों की पहचान और निजता को ध्यान में रखते हुए उनकी पहचान संबंधी कोई विवरण प्रकाशित नहीं किया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment