जमुई में आंगन मिलन समारोह: अन्नप्राशन और गोदभराई के जरिए पोषण व मातृ-शिशु स्वास्थ्य का दिया संदेश - City Channel

Breaking

Wednesday, September 30, 2026

जमुई में आंगन मिलन समारोह: अन्नप्राशन और गोदभराई के जरिए पोषण व मातृ-शिशु स्वास्थ्य का दिया संदेश



🔸पोषण की थाली और ECCE प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, उत्कृष्ट कार्य के लिए ANM, सेविका, आशा फैसिलिटेटर व सहायिका सम्मानित।

जमुई: समेकित बाल विकास सेवा योजना (ICDS) और पोषण अभियान की सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-75 पर एक दिवसीय आंगन मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लाभुकों ने भाग लिया।

समारोह के दौरान बच्चों के समग्र विकास, नियमित टीकाकरण, पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और प्रारंभिक बाल देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) से संबंधित जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्र की सेवाओं के प्रति समुदाय की भागीदारी को मजबूत करना भी रहा।

दो बच्चों का कराया गया अन्नप्राशन

समारोह में शिशु ईशा कुमारी, माता रिशु कुमारी तथा शिशु अभिनव कुमार, माता ममता देवी का विधि-विधान से अन्नप्राशन कराया गया। इसके माध्यम से बच्चों के जीवन में ऊपरी आहार की शुरुआत और संतुलित पोषण के महत्व का संदेश दिया गया।

वहीं, गर्भवती महिलाओं प्रीति कुमारी, पति अमित कुमार और तमन्ना खातून, पति दानी अहमद की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार, पर्याप्त आराम और नियमित देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।

पोषण की थाली और ECCE प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान

कार्यक्रम में सजाई गई ‘पोषण की थाली’ लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इसमें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों को प्रदर्शित कर संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के महत्व को समझाया गया।

इसके अलावा ECCE प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों के शुरुआती मानसिक और शारीरिक विकास में खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों की उपयोगिता बताई गई। बच्चों ने इन गतिविधियों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को ICDS की छह मूलभूत सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

उत्कृष्ट कार्य के लिए कर्मियों को मिला सम्मान

आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर कार्य के लिए ANM निशा भारती, सेविका अर्चना सहाय, सेविका कुमारी उषा, आशा फैसिलिटेटर सीता कुमारी और सहायिका सोना कुमारी को सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली लाभुक मिनी खातून, आफरीन खातून, रिशु कुमारी, तमन्ना खातून और वंदना ठाकुर के प्रति भी जिला प्रशासन की ओर से आभार व्यक्त किया गया।

लाभुकों ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में लाभुक रिशु कुमारी, नाजिया परवीन और मिनी खातून ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से मिल रही पोषण, स्वास्थ्य और पूर्व-प्राथमिक शिक्षा संबंधी सेवाओं को उपयोगी बताया।

आंगन मिलन समारोह के माध्यम से बच्चों के पोषण एवं विकास के साथ गर्भवती महिलाओं की देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा को लेकर समुदाय में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम ने आंगनबाड़ी केंद्र और स्थानीय समुदाय के बीच सहभागिता को मजबूत करने का संदेश भी दिया।


No comments:

Post a Comment

Pages