बारिश में डूबा जमुई सदर अस्पताल, गंदे पानी से मरीज परेशान; ड्रेनेज व्यवस्था पर उठे सवाल - City Channel

Breaking

Thursday, September 3, 2026

बारिश में डूबा जमुई सदर अस्पताल, गंदे पानी से मरीज परेशान; ड्रेनेज व्यवस्था पर उठे सवाल

बारिश में डूबा जमुई सदर अस्पताल, गंदे पानी से मरीज परेशान; ड्रेनेज व्यवस्था पर उठे सवाल

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई : बुधवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने जमुई सदर अस्पताल की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद अस्पताल परिसर के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया। नाले का गंदा पानी भी परिसर में फैलने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी हुई।

अस्पताल के मुख्य द्वार से लेकर परिसर के अंदर तक जगह-जगह जलजमाव रहा। कई स्थानों पर सड़क और पानी भरे हिस्से में अंतर करना मुश्किल हो गया। मरीजों और उनके परिजनों को पानी के बीच से संभलकर गुजरना पड़ा। स्वास्थ्यकर्मियों को भी आने-जाने में परेशानी हुई।

बारिश के दौरान सदर अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या पहले भी सामने आती रही है। हर बार बारिश के साथ कई हिस्सों में पानी भरने की शिकायत होती है। इस बार नाले का गंदा पानी भी परिसर में फैलने से परेशानी और बढ़ गई।

अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर जल निकासी की खराब व्यवस्था मरीजों की मुश्किलें बढ़ा रही है। लोगों का कहना है कि समस्या का अस्थायी समाधान करने के बजाय जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जरूरत है।

उधर, लगातार बारिश से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनजीवन प्रभावित रहा। सड़कों पर आवाजाही कम रही और कई लोगों ने जरूरी काम टाल दिए।

हालांकि, बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी है। धान की फसल के लिए बारिश को फायदेमंद माना जा रहा है। किसानों का कहना है कि खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से धान की फसल को फायदा होगा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक जिले में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में शहर और सदर अस्पताल के जलजमाव वाले इलाकों में परेशानी बढ़ सकती है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि जिम्मेदार विभाग जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कब ठोस कदम उठाता है।


No comments:

Post a Comment

Pages