🔻एग्रो एकड़ चकाई जीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी की पांचवीं वार्षिक आम सभा आयोजित, सामूहिक खरीद और बेहतर बाजार तक पहुंच पर जोर।
जमुई, 29 सितंबर 2026। चकाई प्रखंड परिसर स्थित किसान भवन के सभागार में मंगलवार को एग्रो एकड़ चकाई जीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की पांचवीं वार्षिक आम सभा आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी की ओर से किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना और आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कंपनी की अध्यक्ष ज्योति कुमारी ने की। वर्तमान में कंपनी से 1500 महिला किसान शेयरधारक जुड़ी हुई हैं। वार्षिक आम सभा का उद्घाटन जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार, चकाई के प्रखंड परियोजना प्रबंधक संजीव कुमार वर्मा तथा कंपनी की निदेशक ज्योति कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला कृषि विपणन पदाधिकारी, जिला सहायक कृषि विपणन पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी तथा जीविका के अधिप्राप्ति प्रबंधक गणेश कुमार गुंजन सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं।
ऑडिट रिपोर्ट और आय-व्यय का विवरण पेश
वार्षिक आम सभा में कंपनी की ऑडिट रिपोर्ट उपस्थित पदाधिकारियों और महिला शेयरधारकों के समक्ष प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय और लेन-देन का विस्तृत विवरण भी साझा किया गया। सदस्यों को कंपनी की गतिविधियों और वित्तीय स्थिति से संबंधित जानकारी दी गई।
मौके पर अधिकारियों ने किसान उत्पादक कंपनी के माध्यम से महिला किसानों को संगठित होकर कृषि और इससे जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। कंपनी के बेहतर संचालन और भविष्य में इसके विस्तार के लिए सदस्यों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया।
2026-27 की कार्ययोजना पर चर्चा
आगामी वित्तीय वर्ष के लिए कंपनी की विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में सामूहिक खरीद, कृषि उत्पादों के सामूहिक विपणन, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने के अवसरों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
कंपनी की निदेशक ज्योति कुमारी ने बताया कि एग्रो एकड़ चकाई जीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी की स्थापना 27 जुलाई 2021 को हुई थी। स्थापना के बाद से जिले के दसों प्रखंडों में समूह एवं ग्राम संगठन की बैठकों के माध्यम से जीविका से जुड़ी महिला किसानों को कंपनी से जुड़ने के लाभों के बारे में लगातार जागरूक किया गया।
उन्होंने बताया कि सामूहिक खरीद, सामूहिक विपणन और बेहतर बाजार तक पहुंच के माध्यम से किसानों के लिए आय के नए अवसर विकसित करने पर जोर दिया गया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप कंपनी से जुड़ी महिला किसान शेयरधारकों की संख्या बढ़कर 1500 तक पहुंच गई है।
वार्षिक आम सभा में शामिल महिला किसानों ने कंपनी से जुड़ने के अपने अनुभव साझा किए और भविष्य की गतिविधियों को लेकर सुझाव भी रखे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

No comments:
Post a Comment