खतौली में बीईओ का दो विद्यालयों में औचक निरीक्षण, बच्चों के साथ बैठकर परखी मिड डे मील की गुणवत्ता - City Channel

Breaking

Monday, August 17, 2026

खतौली में बीईओ का दो विद्यालयों में औचक निरीक्षण, बच्चों के साथ बैठकर परखी मिड डे मील की गुणवत्ता

खतौली में बीईओ का दो विद्यालयों में औचक निरीक्षण, बच्चों के साथ बैठकर परखी मिड डे मील की गुणवत्ता

▪️कंपोजिट विद्यालय भैसी और प्राथमिक विद्यालय भैसी नंबर-2 में शैक्षिक व्यवस्था, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं का लिया जायजा; निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन देने के निर्देश।

सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार

मुजफ्फरनगर/खतौली। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) पंकज अग्रवाल ने खतौली क्षेत्र के दो परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर वहां की शैक्षिक व्यवस्था, साफ-सफाई, मिड डे मील की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कंपोजिट विद्यालय भैसी और प्राथमिक विद्यालय भैसी नंबर-2 पहुंचकर विद्यालय की व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान कंपोजिट विद्यालय भैसी में छह अध्यापकों में से पांच शिक्षक उपस्थित मिले, जबकि एक सहायक अध्यापिका मेडिकल अवकाश पर थीं। शिक्षामित्र और अनुचर भी विद्यालय में उपस्थित पाए गए। विद्यालय में कुल 106 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें से निरीक्षण के समय 74 विद्यार्थी उपस्थित मिले।

बीईओ ने विद्यालय परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान हैंडपंप, मल्टीपल हैंडवॉश और शौचालय सही स्थिति में पाए गए। विद्यालय में बच्चों को स्मार्ट क्लास के माध्यम से पढ़ाई कराई जा रही थी। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की शैक्षिक प्रगति और शिक्षण व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली।

इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय भैसी नंबर-2 का निरीक्षण किया। यहां तीन अध्यापकों में से दो उपस्थित मिले, जबकि एक सहायक अध्यापिका अवकाश पर थीं। विद्यालय में कुल 90 बच्चे पंजीकृत हैं, जिनमें से निरीक्षण के दौरान 60 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले।

विद्यालय में बच्चों को मिड डे मील के तहत रोटी-सब्जी के साथ केले का वितरण किया गया। भोजन की गुणवत्ता की जांच करने के लिए बीईओ पंकज अग्रवाल स्वयं बच्चों के बीच बैठ गए और उनके साथ मिड डे मील ग्रहण किया। उन्होंने भोजन का स्वाद और गुणवत्ता परखी, जो संतोषजनक पाई गई।

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय भैसी नंबर-2 में भी हैंडपंप, मल्टीपल हैंडवॉश और शौचालय की व्यवस्था सही स्थिति में मिली। विद्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था और बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता को भी संतोषजनक पाया गया।

मिड डे मील की गुणवत्ता पर विशेष जोर

बीईओ पंकज अग्रवाल ने विद्यालय स्टाफ को निर्देश दिया कि बच्चों को प्रतिदिन निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक मिड डे मील उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार पर भी विशेष जोर दिया और शिक्षकों को नियमित रूप से बच्चों की पढ़ाई की समीक्षा करने तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बच्चों के साथ भोजन कर शुरू किया गुणवत्ता जांच अभियान

खंड शिक्षा अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि विद्यालयों में मिड डे मील की गुणवत्ता की स्वयं जांच करने का अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत वे अलग-अलग विद्यालयों में जाकर बच्चों के साथ बैठकर भोजन करेंगे और भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा निर्धारित मीनू के पालन की स्थिति की जांच करेंगे।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ पौष्टिक भोजन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना भी विभाग की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और बच्चों के हित में लगातार कार्य करने के निर्देश दिए गए।

No comments:

Post a Comment

Pages