'नशे का त्याग कर विवेकपूर्ण सोच अपनाएं युवा', जमुई में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान का शुभारंभ - City Channel

Breaking

Sunday, August 2, 2026

'नशे का त्याग कर विवेकपूर्ण सोच अपनाएं युवा', जमुई में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान का शुभारंभ

'नशे का त्याग कर विवेकपूर्ण सोच अपनाएं युवा', जमुई में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान का शुभारंभ

▪️परिवहन मंत्री दामोदर रावत की मौजूदगी में जिला स्तरीय कार्यक्रम, जिला पदाधिकारी ने मीडिया और युवाओं से अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने और युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत, जिला पदाधिकारी, वरीय प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, नेहरू युवा केंद्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय संबोधन का सीधा प्रसारण देखा और नशामुक्त, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहने और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप अपने विचार व्यक्त करने की अपील करते हुए कहा कि विरोध और असहमति दर्ज कराने के लिए हमेशा संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक माध्यमों का ही उपयोग करना चाहिए।

उन्होंने सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आभासी दुनिया की चमक-दमक के पीछे कई बार गंभीर मानसिक और सामाजिक समस्याएं छिपी होती हैं। युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया का उपयोग विवेक एवं जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।

कार्यक्रम को जन-जागरूकता अभियान का स्वरूप देने के लिए समाहरणालय परिसर में लोक कलाकारों द्वारा नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने नशे के कारण परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से मंचित किया। इसके बाद जिला पदाधिकारी ने कलाकारों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए रवाना किया।

जिला प्रशासन ने युवाओं से 'माय भारत' पोर्टल पर पंजीकरण कर नशामुक्त भारत अभियान से जुड़ने तथा जागरूकता रैली, खेल प्रतियोगिता और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

साथ ही जिला प्रशासन ने मीडिया, समाजसेवियों और आम नागरिकों से इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज ही विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकता है। प्रशासन ने समाचार माध्यमों से अभियान के संदेश और 'माय भारत' पोर्टल की जानकारी जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की।


No comments:

Post a Comment

Pages