जमुई में तीन दिवसीय प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का शुभारंभ, हजारों लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ
🔹20 पंचायतों और 12 शहरी वार्डों में भी लगे सहयोग शिविर, डीएम-एसपी ने गिद्धौर और लक्ष्मीपुर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट
जमुई : राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को जमुई जिले के सभी प्रखंडों में तीन दिवसीय 'प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर' का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही जिले की 20 चयनित पंचायतों तथा तीनों नगर निकायों के 12 वार्डों में भी सहयोग शिविरों का सफल आयोजन हुआ। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोग शिविरों में पहुंचे और विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा कर लाभ प्राप्त किया।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों पर नई शिकायतों और आवेदनों की प्राप्ति के साथ-साथ पूर्व में दर्ज मामलों का निष्पादन कर लाभुकों को प्रमाण-पत्र एवं अन्य सरकारी सुविधाएं प्रदान की गईं। लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारी पूरे दिन सक्रिय रहे।
शिविरों की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लेने के लिए जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से गिद्धौर और लक्ष्मीपुर प्रखंड के शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा आवेदन पंजी, सहयोग पोर्टल पर अपलोड किए गए मामलों और लंबित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों और पूर्व में दिए गए आवेदनों के निष्पादन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों के बीच स्वीकृति पत्र एवं लाभ का वितरण भी किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। साथ ही लोगों को सहयोग पोर्टल की कार्यप्रणाली और शिकायतों के ऑनलाइन निष्पादन की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
जिला पदाधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि जो नागरिक किसी कारणवश पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविरों में शामिल नहीं हो सके हैं, वे सहयोग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं अथवा 17 और 18 जून को अपने संबंधित प्रखंड मुख्यालय में आयोजित होने वाले प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर में पहुंचकर आवेदन जमा कर सकते हैं।
उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का नियत समय सीमा के भीतर पारदर्शी और प्रभावी तरीके से निष्पादन किया जाएगा। साथ ही जिले के प्रबुद्ध नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से इस जनहितकारी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें।
जिला प्रशासन के अनुसार यह विशेष अभियान सरकार और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ योजनाओं के लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

No comments:
Post a Comment