सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 19 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल - City Channel

Breaking

Saturday, June 13, 2026

सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 19 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 19 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

🔹13 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, कदाचार रोकने के लिए जैमर, वीडियोग्राफी और त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), पटना द्वारा आयोजित मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जमुई जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 14 जून और 17 जून को होने वाली इस परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की है।

परीक्षा की तैयारियों को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा एवं ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जोनल मजिस्ट्रेटों एवं केंद्राधीक्षकों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर समय से फ्रिस्किंग शुरू करने तथा सभी तकनीकी उपकरणों की पूर्व जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिले में इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दोनों तिथियों को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रथम पाली के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1 बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार दोनों दिनों की परीक्षा में कुल 19,104 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता दल तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के लिए जैमर भी लगाए गए हैं। प्रश्नपत्र खोलने से लेकर ओएमआर शीट पैक करने तक की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, पेन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। कदाचार में संलिप्त पाए जाने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध बिहार लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा के दिन केंद्रों के आसपास स्थित फोटो कॉपी दुकानों को भी बंद रखने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा परीक्षा को सफल और शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग करें।

No comments:

Post a Comment

Pages