सोमनाथ मंदिर पुनरोद्धार की 75वीं वर्षगांठ पर मलयपुर के बाबा पत्नेश्वर धाम में विशेष पूजा-अर्चना
मलयपुर/जमुई। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख सोमनाथ मंदिर के पुनरोद्धार की 75वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार पूरे राज्य में “स्वाभिमान महापर्व” का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। इसी क्रम में जमुई जिले के मलयपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा पत्नेश्वर धाम मंदिर के गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ब्राह्मणजन सम्मिलित हुए।
मंदिर परिसर सुबह से ही वैदिक मंत्रोच्चार, घंटा-घड़ियाल और हर-हर महादेव के जयकारों से भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक, भव्य श्रृंगार पूजा और विशेष आराधना की।
पूजा का शुभारंभ वरिष्ठ विद्वान पंडित श्यामदेव पांडेय के द्वारा किया गया। उन्होंने वैदिक परंपरा के अनुसार क्रमबद्ध तरीके से देव-आवाहन, विशेष अनुष्ठान और जनकल्याण की कामना के साथ पूजा संपन्न कराई।
मंदिर के मुख्य पुजारी राजीव पांडेय, जो वर्षों से बाबा की सेवा में समर्पित हैं, ने इस अवसर पर लंकापति रावण द्वारा रचित शिव तांडव स्तोत्र का भावपूर्ण एवं ऊर्जामय पाठ किया। स्तोत्र पाठ के दौरान पूरा परिसर शिवभक्ति के रस में सराबोर हो गया।
पूजा-अर्चना के उपरांत विधिवत बाबा भोलेनाथ की आरती की गई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूर्ण अनुष्ठान पंडित श्यामदेव पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिपूर्वक संपन्न कराया।
कार्यक्रम में प्रवीण कुमार सिन्हा, रामानंद सिंह, प्रभात सिन्हा, अभिषेक सिन्हा, सुरेंद्र कुमार तांती, विक्रम सिंह भदौरिया, राजीव पांडेय, बृजमोहन भगत, भूपेंद्र सिन्हा सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और सनातन संस्कृति की निरंतर रक्षा की कामना की।

No comments:
Post a Comment