गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर जिलाधिकारी ने किया फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण - City Channel

Breaking

Saturday, January 24, 2026

गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर जिलाधिकारी ने किया फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण

गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर जिलाधिकारी ने किया फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण


जमुई : गणतंत्र दिवस 2026 के मुख्य समारोह की तैयारियों के क्रम में आज दिनांक 24 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी जमुई श्री नवीन (भा.प्र.से.) ने श्री कृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम में आयोजित परेड के फुल ड्रेस रिहर्सल कार्यक्रम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों के अनुशासन, समन्वय, समयबद्धता एवं प्रस्तुति का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न होना चाहिए।

जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, मंच संचालन, ध्वनि व्यवस्था तथा कार्यक्रम की समग्र गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बनाए रखते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं।

फुल ड्रेस रिहर्सल में सशस्त्र सीमा बल (SSB), बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल (महिला), बिहार प्रशिक्षु पुलिस, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी (बॉयज एवं गर्ल्स), स्काउट-गाइड तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की टुकड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Pages