ताजपुर में बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ भाकपा माले का आंदोलन तेज करने का ऐलान, गरीबों के पुनर्वास व वेंडिंग जोन की उठी मांग
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के ताजपुर में भाकपा माले ने बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ व्यापक आंदोलन की घोषणा की है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि प्रशासन द्वारा बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के गरीबों, फुटपाथ दुकानदारों और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है, जिससे उनकी रोजी-रोटी और आवास दोनों संकट में पड़ गए हैं।
भाकपा माले ने मांग की है कि बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित गरीबों और फुटपाथ विक्रेताओं के लिए तत्काल पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। साथ ही, नगर क्षेत्र में वेंडिंग जोन और पार्किंग जोन का निर्माण किया जाए, ताकि छोटे कारोबारियों को सम्मानजनक ढंग से रोजगार मिल सके। पार्टी ने नगर निकाय क्षेत्र में खेती योग्य भूमि पर मालगुजारी के अतिरिक्त लगाए जा रहे टैक्स का भी विरोध किया है।
यह निर्णय शुक्रवार को ताजपुर के फलमंडी में आयोजित भाकपा माले की प्रखंड समिति की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पार्टी गरीबों, मजदूरों, किसानों और फुटपाथ दुकानदारों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
जिला समिति सदस्य आसिफ होदा ने बुलडोजर कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रशासन फुटपाथी दुकानदारों और झुग्गी-झोपड़ी वासियों को हटाता है, जबकि पक्के और प्रभावशाली अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि न तो विस्थापितों के लिए पुनर्वास की व्यवस्था है और न ही वैकल्पिक रोजगार का कोई इंतजाम।
किसान नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने कहा कि ताजपुर नगर निकाय क्षेत्र की जर्जर सड़कों, घटिया नाला निर्माण, सरकारी जमीन और सड़कों पर कब्जे के मामलों में प्रशासन की चुप्पी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, दुकानदार और आम नागरिक मिलकर इन मुद्दों पर निर्णायक आंदोलन करेंगे।
भाकपा माले ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने गरीबों के हित में ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
समस्तीपुर जिले के ताजपुर में भाकपा माले ने गरीबों, फुटपाथ विक्रेताओं और विस्थापितों के हक़ में आवाज़ बुलंद की है।
बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में पार्टी ने पुनर्वास, वेंडिंग जोन और पार्किंग जोन की तत्काल मांग को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है।
भूमिहीनों को जमीन, गरीबों को आवास और प्रशासनिक लूट-भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का शंखनाद किया गया है।
गरीबों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई अब और तेज होगी।
#भाकपा_माले
#ताजपुर
#बुलडोजर_कार्रवाई
#गरीबों_के_हक
#फुटपाथ_विक्रेता
#पुनर्वास_की_मांग
#वेंडिंग_जोन
#पार्किंग_जोन
#भूमिहीन_को_जमीन
#जनआंदोलन
#समस्तीपुर

No comments:
Post a Comment