राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा का सख्त संदेश— जमीन मामलों में गड़बड़ी पर होगी बर्खास्तगी नहीं, संपत्ति जब्ती तक कार्रवाई
मुजफ्फरपुर : राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा सोमवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जनता दरबार में जमीन से जुड़े मामलों की समीक्षा की और आम लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कई मामलों में अनियमितता सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट चेतावनी दी कि भूमि मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दरबार में एक फरियादी ने शिकायत करते हुए कहा कि उसके खतियान में पहले “भूमिहार ब्राह्मण” लिखा हुआ था, लेकिन अब उसे केवल “भूमिहार” कर दिया गया है। इस पर मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह किसी जाति विशेष की बैठक नहीं, बल्कि बिहारियों के हित और कल्याण के लिए आयोजित जनता दरबार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खतियान में जो पहले दर्ज था, वही मान्य रहेगा और “भूमिहार ब्राह्मण” ही लिखा जाएगा। इसमें किसी तरह का मनमाना बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि सरकारी जमीन में गलत तरीके से दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) किया गया है या किसी भी प्रकार की हेराफेरी पाई जाती है, तो दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल निलंबन या बर्खास्तगी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जरूरत पड़ने पर दोषियों की संपत्ति भी जब्त की जाएगी।
विजय कुमार सिन्हा ने आम लोगों से अपील की कि भूमि से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए एक तय प्रक्रिया का पालन करें। उन्होंने कहा कि सबसे पहले अंचल कार्यालय और थाना स्तर पर शिकायत दर्ज कराएं। यदि वहां समाधान नहीं होता है, तो अनुमंडल पदाधिकारी और जिलाधिकारी तक मामला ले जाएं। इसके बाद भी यदि न्याय नहीं मिलता है, तो मंत्री स्तर पर सुनवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों की कहीं भी सुनवाई नहीं हुई है, उनकी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा।
मंत्री के इस सख्त रुख के बाद अधिकारियों में हड़कंप देखा गया, वहीं आम लोगों में यह भरोसा जगा कि जमीन से जुड़े मामलों में अब पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
.jpg)

.jpg)

No comments:
Post a Comment