चतरा पुलिस की बड़ी सफलता — राहुल सिंह गिरोह के चार अपराधी गिरफ्तार, एनटीपीसी टंडवा फायरिंग कांड का हुआ खुलासा - City Channel

Breaking

Thursday, October 30, 2025

चतरा पुलिस की बड़ी सफलता — राहुल सिंह गिरोह के चार अपराधी गिरफ्तार, एनटीपीसी टंडवा फायरिंग कांड का हुआ खुलासा


चतरा:
चतरा पुलिस ने अपराध जगत में सक्रिय कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के चार हथियारबंद अपराधियों को गिरफ्तार कर एनटीपीसी टंडवा फायरिंग कांड का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश और टंडवा एसडीपीओ सह एएसपी प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस ने यह कार्रवाई पिपरवार थाना क्षेत्र के कारो मैदान से की, जहाँ ये अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह के सदस्य कारो क्षेत्र में हथियारों के साथ छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान ने त्वरित कार्रवाई का आदेश देते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। इस दल ने कारो मैदान के आसपास घेराबंदी कर छापेमारी की और चारों अपराधियों को बिना किसी गोलीबारी के गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान असजद रजा, शाहजहां अंसारी, महफुज आलम और गुलजार अंसारी के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने 7.65 एमएम के दो पिस्टल, 7.65 एमएम की 10 जिंदा गोलियाँ, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, तथा गिरोह के नाम से लिखे ‘राहुल सिंह आज़ाद सरकार’ शीर्षक वाले चार हस्तलिखित पर्चे बरामद किए हैं।

एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि गिरोह का मुख्य सरगना राहुल सिंह वर्तमान में फरार है, जो खलारी कोयलांचल और टंडवा क्षेत्र में अपना आतंक कायम करना चाहता था। गिरोह का मकसद कोयला कारोबार, ट्रांसपोर्टरों और ठेकेदारों से मोटी रंगदारी वसूलना था। पुलिस का मानना है कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी से गिरोह की गतिविधियों पर फिलहाल रोक लगेगी।

बरवार ने बताया कि इस गिरफ्तारी से खलारी कोयलांचल और एनटीपीसी टंडवा क्षेत्र में हाल ही में हुई दो बड़ी आपराधिक घटनाओं का भी खुलासा हो गया है। इनमें राजधर रेलवे साइडिंग और टंडवा में फ्लाई ऐश की गाड़ियों पर की गई फायरिंग की घटनाएँ शामिल हैं। इन वारदातों के पीछे राहुल सिंह गिरोह की ही संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी लंबे समय से गिरोह के सक्रिय सदस्य के रूप में कार्य कर रहे थे और राहुल सिंह के निर्देश पर वसूली व फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गिरोह के नाम से पर्चे जारी कर ये लोग कोयला क्षेत्र के व्यापारियों में भय का माहौल बना रहे थे ताकि रंगदारी की रकम आसानी से वसूली जा सके।

पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि अपराधियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि चतरा पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

इस बड़ी कार्रवाई से कोयलांचल क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में राहत का माहौल है। पुलिस की इस सफलता को क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। वहीं, फरार सरगना राहुल सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

No comments:

Post a Comment

Pages