दहेज उत्पीड़न मामले में महिला को मिली जान से मारने की धमकी, SP से लगाई सुरक्षा की गुहार
जमुई : दहेज उत्पीड़न के एक मामले में दिल्ली निवासी एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि गुरुवार को जमुई कोर्ट में केस की सुनवाई के दौरान उसके साथियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद महिला ने सीधे जमुई एसपी विश्वजीत दयाल से मुलाकात कर सुरक्षा की मांग की है।
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-29 निवासी नाजिया फरहान ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2023 में जमुई के रजा नगर निवासी मोहम्मद अरमान आलम से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद पति और ससुराल पक्ष ने उस पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना शुरू कर दी। आरोप है कि 2024 में उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद उसने दिल्ली में दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया।
नाजिया के अनुसार, इस केस से बचने के लिए ससुराल पक्ष ने जमुई कोर्ट में उसके खिलाफ एक झूठा मामला दर्ज करा दिया। इसी मामले की सुनवाई के लिए वह गुरुवार को कोर्ट परिसर पहुंची थी। नाजिया का आरोप है कि वहां उसके पति के भाई और उनके सहयोगियों ने उसे घेरकर जान से मारने की धमकी दी। उसने कहा कि अगर वकील ने बीच-बचाव न किया होता, तो उसकी जान भी जा सकती थी।
घटना के बाद डरी-सहमी नाजिया सीधे समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंची और एक लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विश्वजीत दयाल ने टाउन थानाध्यक्ष को तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कोर्ट परिसर में महिला को धमकी मिलने की खबर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़िता ने कहा कि वह न्याय और सुरक्षा दोनों चाहती है। उसने उम्मीद जताई कि प्रशासन उसे सुरक्षा मुहैया कराएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेगा।
No comments:
Post a Comment