झाझा में दो बाइकों की जोरदार टक्कर, दो युवक पटना रेफर
सिटी संवाददाता : ब्रह्मदेव प्रसाद यादव
झाझा, जमुई/बिहार : झाझा के डीएसएम कॉलेज के पास रविवार की देर रात एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। चरघरा निवासी चिंटू यादव (24) और धोबियाकुरा निवासी सनाउल अंसारी (24) रात में निजी काम से झाझा बाजार से लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में उनकी बाइकें आमने-सामने टकरा गईं।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और दोनों युवकों के सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झाझा में भर्ती कराया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर बी. के. राय ने दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए पटना भेज दिया गया।
अवर निरीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है।

No comments:
Post a Comment