कैंसर दवाओं पर जीएसटी खत्म करना ऐतिहासिक निर्णय : निखिल सिंह
जमुई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ा एक बड़ा और जन-हितैषी कदम उठाया है। अब कैंसर सहित गंभीर बीमारियों में उपयोग होने वाली जीवन रक्षक दवाओं पर से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। यही नहीं, स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर लगने वाला 18 प्रतिशत जीएसटी भी हटा लिया गया है।
भाजपा जिला प्रवक्ता निखिल कुमार सिंह ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कदम सीधे तौर पर आम जनता को आर्थिक राहत देने वाला है। उनके अनुसार कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में पहले दवाओं की ऊँची कीमत के साथ टैक्स का बोझ मरीजों और उनके परिजनों को भारी पड़ता था। लेकिन अब टैक्स हटने से उनका आर्थिक बोझ कम होगा और अधिक से अधिक लोग आवश्यक दवाएं आसानी से खरीद सकेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर टैक्स खत्म होने से बीमा प्रीमियम की राशि घटेगी और लोग कम खर्च में बीमा योजना का लाभ उठा पाएंगे। इससे अधिक से अधिक परिवार बीमा से जुड़ेंगे और देश में स्वास्थ्य सुरक्षा कवरेज मजबूत होगा।
निखिल सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर काम कर रही है और यह निर्णय उसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि यह केवल टैक्स हटाने का निर्णय नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भारत की दिशा में निर्णायक कदम है।

No comments:
Post a Comment