पटना के गांधी मैदान में वोटर अधिकार यात्रा का ऐतिहासिक समापन, सिकंदरा से बिनोद चौधरी के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब
पटना/बिहार : राजधानी पटना का गांधी मैदान रविवार को ऐतिहासिक जनसभा का गवाह बना। जननायक राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के समापन समारोह में लाखों की भीड़ उमड़ी। रैली लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा के संकल्प का विराट प्रदर्शन साबित हुई।
मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और CPI नेता दीपांकर भट्टाचार्य सहित महागठबंधन के तमाम नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने जनता से कहा कि बिहार अब वोट चोरी और लोकतंत्र पर हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा।
विशेष रूप से सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र से बिनोद कुमार चौधरी के नेतृत्व में समर्थकों का सैकड़ों गाड़ियों व बसों का काफिला पटना पहुंचा और गांधी मैदान में उत्साह का माहौल बना दिया। सुबह से ही जनसैलाब उमड़ने लगा और शाम तक मैदान खचाखच भर गया।
16 दिनों तक चली इस यात्रा ने करीब 1,300 किलोमीटर की दूरी तय कर 20 जिलों और 110 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया। यात्रा के दौरान मतदाता सूची की गड़बड़ियों और वोट चोरी के खिलाफ आवाज बुलंद की गई।
सभा में शामिल लोगों ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि अब बिहार का कोई भी नागरिक अपने वोट के अधिकार से वंचित नहीं होगा और संविधान की रक्षा के हर संघर्ष में भागीदार बनेगा।

No comments:
Post a Comment