इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों में लाइब्रेरियन बहाली की मांग तेज, मंत्री सुमित कुमार सिंह से मिला प्रतिनिधिमंडल - City Channel

Breaking

Monday, September 22, 2025

इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों में लाइब्रेरियन बहाली की मांग तेज, मंत्री सुमित कुमार सिंह से मिला प्रतिनिधिमंडल

इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों में लाइब्रेरियन बहाली की मांग तेज, मंत्री सुमित कुमार सिंह से मिला प्रतिनिधिमंडल

सिटी संवाद : ,सुशांत साईं सुन्दरम

गिद्धौर, जमुई :  राज्य के इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में वर्षों से लंबित लाइब्रेरियन (पुस्तकालयाध्यक्ष) की नियुक्ति की मांग ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। ऑल बिहार ट्रेंड लाइब्रेरियन एसोसिएशन ने इस मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल पटना स्थित सरकारी आवास पर बिहार सरकार के विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह से मिला और मांगपत्र सौंपा।

एसोसिएशन के जमुई जिलाध्यक्ष एवं गिद्धौर प्रखंड के गंगरा गांव निवासी माधवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के सभी इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में रिक्त लाइब्रेरियन पदों पर शीघ्र बहाली की मांग रखी। इस पर मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से पूर्व ही बहाली से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

माधवेंद्र पांडेय ने कहा कि राज्यभर के ट्रेंड लाइब्रेरियन लंबे समय से बहाली की प्रतीक्षा कर रहे हैं। योग्य अभ्यर्थियों ने वर्षों पहले प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया, लेकिन पद रिक्त होने के कारण अब तक रोजगार से वंचित हैं। उनका धैर्य जवाब देने लगा है और यदि सरकार ने विधानसभा चुनाव से पूर्व ठोस कदम नहीं उठाया, तो इसका सीधा असर चुनाव परिणामों पर देखने को मिलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार को इसका राजनीतिक खामियाजा उठाना पड़ सकता है।

गौरतलब है कि बिहार के इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में लाइब्रेरियन के पद कई वर्षों से खाली पड़े हैं। इससे छात्रों को पुस्तकालय की गुणवत्तापूर्ण सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम आधारित पुस्तकों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और शोध कार्य में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

एसोसिएशन का कहना है कि समय पर बहाली से न केवल शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि प्रशिक्षित लाइब्रेरियन को रोजगार का अवसर मिलेगा। साथ ही कॉलेजों में अकादमिक वातावरण और भी समृद्ध होगा।

इस मौके पर एसोसिएशन से जुड़े अन्य पदाधिकारियों ने भी सरकार से मांग की कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लाइब्रेरियन की बहाली में देरी न की जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने सकारात्मक पहल की, तो ट्रेंड लाइब्रेरियन इसे स्वागतयोग्य कदम मानेंगे, अन्यथा वे आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होंगे।

No comments:

Post a Comment

Pages