जमुई के विद्यालयों में छात्राओं को सिखाए जा रहे आत्मरक्षा के गुर - City Channel

Breaking

Saturday, September 6, 2025

जमुई के विद्यालयों में छात्राओं को सिखाए जा रहे आत्मरक्षा के गुर

जमुई के विद्यालयों में छात्राओं को सिखाए जा रहे आत्मरक्षा के गुर


जमुई। जिले के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को अब आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं। शिक्षा विभाग की रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना के तहत विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य लड़कियों को न केवल आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है बल्कि उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से भी मजबूत करना है।

जिला शिक्षा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह प्रशिक्षण तीन चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण की शुरुआत 27 अगस्त से की गई है, जो 27 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों के कुल 51 विद्यालयों में छात्राओं को ताइक्वांडो, कराटे और वुशु जैसी मार्शल आर्ट्स विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चयनित प्रशिक्षक प्रतिदिन विद्यालयों में डेढ़ घंटे का प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर रहे हैं।

कार्यक्रम की पूरी अवधि 90 दिनों की रखी गई है। इसे तीन चरणों में पूरा किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यालयों की छात्राओं को आत्मरक्षा का कौशल सिखाया जा सके। विभाग का मानना है कि इस पहल से लड़कियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा कर सकेंगी।

शिक्षा विभाग ने कहा है कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण से छात्राएं न सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत बनेंगी बल्कि मानसिक रूप से भी हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहेंगी। इस योजना का मकसद बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में सशक्त बनाना है।

No comments:

Post a Comment

Pages