🔻श्री नवीन का विश्वास , विकास और सेवा का 100 दिन, "अंत्योदय" से "राष्ट्रोदय" के आदर्श को बढ़ाया आगे।
🔻एसआईआर को सफल बनाकर गाड़ा उपलब्धियों का झंडा, ओहदेदारों ने शिष्टाचार मुलाकात कर दी बधाई और शुभकामना।
जमुई : जमुई के जिलाधिकारी श्री नवीन ने सेवा दिवस का शतक पूरा कर लिया है। 03 जून को पदभार ग्रहण करने के बाद से अब तक के 100 दिनों में उन्होंने विकास, विश्वास, प्रयास, सेवा और साथ के मंत्र के साथ जिले को नई दिशा देने का काम किया है। भगवान महावीर की पुण्यभूमि पर सेवा के प्रथम शतक में 20 लाख से अधिक जिलावासियों ने उनकी कार्यशैली पर भरोसा जताया है।
डीएम के प्रयासों से जिले में विकास कार्यों की गति बढ़ी है और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने अंत्योदय से राष्ट्रोदय के आदर्श को अपनाते हुए गरीब, वंचित और पीड़ित तबके को राहत और न्याय दिलाने पर विशेष बल दिया है। सोमवारी बैठक की परंपरा शुरू कर सभी विभागों की प्रगति पर निगरानी रखी जा रही है। वहीं, अंबेडकर सेवा अभियान के तहत अधिकारी सीधे गांवों में जाकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
पिछड़े और घनी आबादी वाले जमुई में राजस्व महाअभियान, पेंशन योजना और अनुकंपा बहाली जैसी जनकल्याणकारी पहल तेज हुई है। डीएम नवीन ने भ्रष्टाचार और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के साथ ही पात्रता को ही एकमात्र मानक बनाया है। उनका स्पष्ट संदेश है – विकास सबका, तुष्टिकरण किसी का नहीं।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जीविका समूहों को मजबूती दी जा रही है। आवेदन के बाद उन्हें 10 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। कृषि क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव दिख रहा है। संतोषजनक वर्षा के बीच डीएम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग ने खरीफ फसल की अच्छी पैदावार के संकेत दिए हैं।
युवाओं के खेल और शिक्षा के अवसरों पर भी डीएम ने ध्यान केंद्रित किया है। हॉकी कप का आयोजन कर उन्होंने खेल प्रतिभाओं को मंच दिया। वहीं, जमुई में एक जिला एक मेडिकल कॉलेज के सपने को धरातल पर उतारने की दिशा में भागीरथ प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए नामित एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
जिले की सांस्कृतिक धरोहर को भी महत्व दिया जा रहा है। आगामी गिद्धौर महोत्सव को मनोरंजक और सफल बनाने की तैयारियां उनकी देखरेख में हो रही हैं। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारी तेज है।
जमुई की जनता डीएम श्री नवीन की कार्यशैली को लेकर उत्साहित है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और पारदर्शिता ने जिले को बदलाव और विकास की नई पहचान दी है। 100 दिन का यह सफर इस बात का संकेत है कि जमुई जिले का भविष्य अब और भी मजबूत और सुनहरा होगा।
No comments:
Post a Comment