जमुई के नन्हें सितारों ने स्केटिंग में जीता मेडल, खेलों के प्रति बढ़ रहा बच्चों का क्रेज
जमुई/बिहार : जमुई में खेलों को लेकर बच्चों और अभिभावकों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। खासकर स्केटिंग के प्रति जिले में तेजी से क्रेज देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में शहर के दो नन्हें छात्र वेदांत और प्रांशु ने अपनी प्रतिभा से सबको चौंका दिया। दोनों ने रोलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
खास बात यह है कि वेदांत और प्रांशु अभी एलकेजी के छात्र हैं और महज चार साल की उम्र में ही उन्होंने जमुई का नाम रोशन कर दिया है।
वेदांत की मां नेहा भालोटिया ने बताया – "मेरा सपना था कि मेरा बेटा स्केटिंग में आगे बढ़े। टीवी पर देखकर हमने जाना कि इस खेल में बच्चे इंटरनेशनल लेवल तक पहुंच सकते हैं। जम्मू में अच्छे कोच मिले हैं, जो बच्चों को सिखा रहे हैं। मेरा सपना है कि बेटा स्केटिंग के साथ-साथ पढ़ाई में भी अच्छा करे और भविष्य में बड़ा अधिकारी बने।" उन्होंने खुशी जताई कि इतनी कम उम्र में ही वेदांत ने मेडल जीतकर परिवार और जिले को गौरवान्वित किया है।
प्रांशु की मां इंदु देवी ने कहा – "मेरे दो बच्चे हैं और दोनों को स्केटिंग सिखाया जा रहा है। टीवी और मोबाइल देखकर बच्चों में रुचि जगी और हमने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। मेरा सपना है कि मेरे बच्चे बिहार ही नहीं, देश का नाम भी रोशन करें।" इंदु देवी के पति राशन दुकान चलाते हैं और बच्चों को हर संभव सहयोग दे रहे हैं।
कोच अनुज कुमार ने बताया – "अभी मेरे पास 35 बच्चे स्केटिंग की ट्रेनिंग ले रहे हैं। इनमें से 16 बच्चों ने मेडल जीता है और 2 बच्चे इंटरनेशनल स्तर पर भी सफलता हासिल कर चुके हैं। आने वाले समय में जमुई के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।"
जमुई में स्केटिंग को लेकर बच्चों और अभिभावकों का बढ़ता उत्साह जिले के खेल जगत के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

No comments:
Post a Comment