जमुई सांसद अरुण भारती का सोनो में भव्य स्वागत, तलवार भेंट कर किया गया सम्मान
सिटी संवाददाता : चंद्रदेव बरनवाल
सोनो, जमुई : जमुई सांसद सह लोजपा (रामविलास) के बिहार संगठन प्रभारी श्री अरुण भारती शनिवार को चकाई जाने के क्रम में जैसे ही चकाई विधानसभा क्षेत्र के बॉर्डर स्थित बलथर गाँव के समीप पहुँचे, उनका जोरदार स्वागत किया गया। लोजपा (रामविलास) के प्रदेश महासचिव एवं चकाई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी श्री संजय कुमार मंडल ने उन्हें परंपरागत तलवार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने सांसद को फूल-मालाओं से लाद दिया और "अरुण भारती ज़िंदाबाद", "चिराग पासवान ज़िंदाबाद", "चकाई का विधायक कैसा हो – संजय कुमार मंडल जैसा हो" के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
सांसद अरुण भारती इसके बाद संजय कुमार मंडल और अन्य सहयोगियों के साथ चकाई प्रस्थान कर गए। चकाई स्थित लोजपा कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं में सांसद की मौजूदगी से खासा उत्साह देखने को मिला।
चकाई पहुँचने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद अरुण भारती ने जमुई लोकसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बरनार जलाशय परियोजना और झाझा से बटिया रेल लाइन निर्माण पर विशेष रूप से काम चल रहा है। इन परियोजनाओं पर लागत की राशि की उपलब्धता सुनिश्चित करा दी गई है और बहुत जल्द इनका कार्य आरंभ होगा। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और विकास को नई गति मिलेगी।
विधानसभा चुनाव को लेकर सांसद अरुण भारती ने कहा कि चकाई और सिकंदरा विधानसभा क्षेत्रों से एनडीए गठबंधन अपने प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारेगा। उन्होंने चकाई से श्री संजय कुमार मंडल को एनडीए प्रत्याशी मानते हुए लोगों से उनके पक्ष में वोट डालने की अपील की। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को मजबूत करने की बात दोहराई।
मौके पर संजय कुमार मंडल ने कहा कि सांसद अरुण भारती के आगमन से कार्यकर्ताओं और आमजन में उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले चुनाव में जनता उन्हें और उनके दल को पूरा समर्थन देगी।
इस अवसर पर लोजपा के वरिष्ठ नेता डबलु चंद्रवंशी, इजहार अहमद, गौतम दास, राजेश मंडल, निवास यादव, सुभाष चंद्रवंशी, दिनेश कुमार, मिथुन पासवान, उदय पासवान, मुरारी पासवान, सुधांशु कुमार समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
No comments:
Post a Comment