बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 : जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा, नोडल पदाधिकारियों को दिए कड़े निर्देश - City Channel

Breaking

Monday, August 25, 2025

बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 : जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा, नोडल पदाधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 : जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा, नोडल पदाधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

जमुई/बिहार : समाहरणालय सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम श्री नवीन की अध्यक्षता में शनिवार को बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में गठित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान निर्वाचन कार्यों की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया गया और जिम्मेदार अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए गए।

डीईओ श्री नवीन ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी नामित ओहदेदार निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि अब सभी पदस्थ चुनावी मोड में रहें और टीम वर्क के तहत कार्यों का निष्पादन करें। विभागीय समन्वय को जरूरी बताते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशिक्षण व कोषांगों की समीक्षा:

बैठक में प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी से विभिन्न स्तर के प्रशिक्षणों की जानकारी ली गई और उसकी समय-सारणी का भी अवलोकन किया गया। इसी क्रम में निर्वाचन कोषांग की कार्यप्रगति की समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान कर्मियों का डेटाबेस शीघ्र तैयार किया जाए और लंबित प्रविष्टियों को अविलंब पूरा किया जाए। साथ ही, पोस्टल बैलेट, सुविधा केंद्र, दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएँ, वाहन व्यवस्था, सामग्री कोषांग, ईवीएम कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, मीडिया कोषांग और स्वीप कोषांग की गतिविधियों का भी उन्होंने बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

वोट प्रतिशत बढ़ाने पर जोर:

डीएम ने विशेष रूप से स्वीप कोषांग को निर्देशित किया कि वे दिव्यांगों, वृद्धों और कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों पर जागरूकता अभियान चलाएँ। स्वीप कैलेंडर के तहत व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, ताकि मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो सके। उन्होंने उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे उन मतदान केंद्रों का मूल्यांकन करें जहाँ पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत कम रहा था और वहाँ मतदान दर बढ़ाने के लिए ठोस उपाय करें।

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी:

डीएम श्री नवीन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्वाचन कार्यों में किसी प्रकार की कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए हैंडबुक के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

बैठक में उपस्थित अधिकारी:

बैठक में डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एडीएम रविकांत सिंहा, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राम दुलार राम, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. नजरुल हक, डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार, ओएसडी नागमणि कुमार वर्मा समेत सभी कोषांगों के वरीय नोडल पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages