अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ‘वोटिंग’ के लिए चलेगा जागरूकता अभियान
🔻स्वीप कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन की नई पहल, युवाओं को जोड़ा जाएगा लोकतंत्र से।
सिटी संवाददाता : संजय कुमार सिन्हा
जमुई : जमुई जिले में आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर स्वीप कार्यक्रम (SVEEP) के तहत मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह आयोजन जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार के निर्देश पर आयोजित होगा।
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष योग दिवस को केवल स्वास्थ्य और व्यायाम तक सीमित न रखते हुए इसे लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों से जोड़ने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं में नैतिक मतदान, नागरिक कर्तव्यों की समझ और लोकतंत्र में भागीदारी को बढ़ावा देना है।
इस अभियान की थीम आकर्षक और जागरूकता से भरपूर है जिसमे कहा गया है कि फिट इंडिया-वोट इंडिया, योग से जीवन-मतदान से लोकतंत्र, स्वस्थ नागरिक-सजग मतदाता और योग अभ्यास करें-लोकतंत्र मजबूत करें।
स्वीप की नोडल पदाधिकारी ने बताया कि इन संदेशों के माध्यम से लोगों को यह प्रेरणा दी जा रही है कि जैसे स्वस्थ जीवन के लिए योग आवश्यक है, वैसे ही मजबूत लोकतंत्र के लिए जागरूक मतदान जरूरी है।
युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के लिए "योग मुद्रा सेल्फी अभियान" की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत युवा योग मुद्रा में अपनी सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। इसके साथ-साथ वोटर आईडी बनाने और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस अभिनव पहल के जरिए युवा वर्ग में मतदान को लेकर सकारात्मक सोच और लोकतंत्र में भागीदारी की भावना मजबूत होगी।
No comments:
Post a Comment