महिला संवाद कार्यक्रम से सशक्त हो रही हैं ग्रामीण महिलाएं, सफलता की कहानियों से गूंजे गांव - City Channel

Breaking

Monday, May 19, 2025

महिला संवाद कार्यक्रम से सशक्त हो रही हैं ग्रामीण महिलाएं, सफलता की कहानियों से गूंजे गांव

महिला संवाद कार्यक्रम से सशक्त हो रही हैं ग्रामीण महिलाएं, सफलता की कहानियों से गूंजे गांव


सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन 

जमुई : जमुई जिले में चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं अपनी सफलता की प्रेरणादायक कहानियां साझा कर रही हैं। संवाद में भाग ले रही महिलाएं अब अपने गाँव के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और अपनी आकांक्षाएं मुखरता से व्यक्त कर रही हैं।

यह कार्यक्रम न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम बना है, बल्कि यह महिलाओं को एक बहुउद्देशीय मंच भी प्रदान कर रहा है जहाँ वे आत्मविश्वास से अपनी बात रख रही हैं। जिले के 22 गांवों में प्रतिदिन आयोजित हो रहे संवाद कार्यक्रमों में हर स्थल पर 200 से 300 महिलाएं भाग ले रही हैं।

गायत्री देवी, लोहरा ग्राम निवासी और दिव्यांग महिला, जीविका से जुड़कर सिलाई व सुजनी का काम करती हैं और मनिहारी दुकान भी चला रही हैं। उन्होंने सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत सिलाई मशीन और ट्राईसाइकिल प्राप्त की। कार्यक्रम में उन्होंने गली-मोहल्ले की साफ-सफाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

परवीन खातून ने बताया कि जीविका से जुड़कर अब वे सब्जी बेचने के साथ-साथ मुर्गी पालन, बकरी पालन और खेती भी कर रही हैं। आज वे एक ई-रिक्शा की मालिक हैं, जिसे उनके पति चलाते हैं। उन्होंने पति का इलाज और बच्चों की शिक्षा का जिम्मा सफलता से उठाया है।

पिंकी देवी ने पति की मृत्यु के बाद जीविका से जुड़कर बकरी पालन और किराना दुकान के जरिए जीवन को नई दिशा दी है। वहीं, सुमंती कुमारी, जो जीविका की सीएनआरपी के रूप में कार्यरत हैं, उन्होंने सरकार की योजनाओं से मिली सुविधाओं के लिए आभार जताया।

लक्ष्मीपुर के तालझाड़ी गाँव की शुशीला देवी ने वृद्धावस्था पेंशन की राशि को बढ़ाकर दो हजार रुपये करने की मांग की। संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को योजनाओं से संबंधित लीफलेट और मुख्यमंत्री का संदेश पत्र भी वितरित किया गया।

उल्लेखनीय है कि 18 अप्रैल से राज्य के सभी जिलों में महिला संवाद कार्यक्रम ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है। जमुई में यह अभियान महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages