महिला संवाद कार्यक्रम – महिलाओं की भागीदारी और बदलाव की ओर बढ़ता कदम
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन
जमुई : ग्रामीण विकास विभाग के तत्वावधान में जिले के सभी प्रखंडों में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन जोर-शोर से जारी है। संवाद के 27वें दिन बरहट, गिद्धौर, जमुई सदर, सिकंदरा, ई. अलीगंज, खैरा, सोनो, चकाई और लक्ष्मीपुर प्रखंडों में दो पालियों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। झाझा प्रखंड के बोरबा, कनौदी, करहरा और तेलबा बाजार पंचायतों में भी संवाद रथ के माध्यम से सुबह-शाम दो पालियों में संवाद हुआ। प्रतिदिन पाँच हजार से अधिक महिलाएं इस अभियान से जुड़ रही हैं।
महिला संवाद मंच महिलाओं को न सिर्फ सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहा है, बल्कि उन्हें अपनी समस्याएं और आकांक्षाएं खुलकर रखने का अवसर भी मिल रहा है।
जमुई सदर प्रखंड के अमरथ पंचायत स्थित रानी ग्राम संगठन में आयोजित संवाद कार्यक्रम की प्रथम पाली में 200 से 250 महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्वयं इस कार्यक्रम में भाग लिया और कहा कि “महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना समाज की प्रगति अधूरी है। महिला संवाद कार्यक्रम सरकार और महिलाओं के बीच सेतु का कार्य कर रहा है।”
कार्यक्रम के दौरान दुर्गा जीविका स्वयं सहायता समूह की कौशिला देवी ने वार्ड संख्या 11 में नाले की समस्या को उजागर किया। अन्य महिलाओं ने 10+2 विद्यालय में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, गांव में सोलर लाइट लगाने जैसी मांगें रखीं। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए सम्बंधित कर्मियों को समाधान हेतु निर्देशित किया।
महिलाओं के बीच सरकारी योजनाओं से जुड़े लीफलेट और मुख्यमंत्री का संदेश पत्र वितरित किए गए और पढ़कर भी सुनाया गया। सोनम कुमारी, पिंकी देवी, मीना देवी, सीमा देवी सहित कई ग्रामीण महिलाओं ने अपने विचार रखे।
यह देखा जा रहा है कि संवाद कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रही हैं और समाज में बदलाव की भूमिका में आगे आ रही हैं।
उल्लेखनीय है कि 18 अप्रैल से राज्यभर में चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है। इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) को दी गई है। 14 मई तक जिले में 583 ग्राम संगठनों में संवाद कार्यक्रम आयोजित हो चुका है और अब तक 11 हजार से अधिक आकांक्षाएं महिलाओं द्वारा रखी जा चुकी हैं।
No comments:
Post a Comment