**जमुई को जल्द मिलेगा रिंग रोड : विधायक श्रेयसी सिंह ने दी जानकारी, 49 करोड़ की लागत से बनेगा रिंग रोड**
सुश्री श्रेयशी सिंह, विधायक, जमुईसिटी संवाददाता : भूपेन्द्र सिन्हा/अभिषेक सिन्हा
जमुई : जमुई शहर के विकास को नई दिशा देने के लिए जमुई को जल्द ही रिंग रोड का उपहार मिलने वाला है। इसकी जानकारी भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह ने मंगलवार को कल्याणपुर मोहल्ले में एक उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान दी। उन्होंने बताया कि लगभग 49 करोड़ की लागत से यह रिंग रोड बनेगा, जो जमुई-लखीसराय मुख्य सड़क हांसडीह से शुरू होकर सिरचंद नवादा, सतगामा, बिहारी घोड़ा अस्पताल, कल्याणपुर, भछियार और नीमा होते हुए खैरा जमुई मुख्य पथ पर कवैया मुसहरी के पास समाप्त होगा।
छठ से पहले सड़कों के निर्माण का वादा पूरा किया :
विधायक श्रेयसी सिंह ने बताया कि छठ पर्व से पहले सड़कों का निर्माण कराने का जो वादा उन्होंने किया था, उसे समय पर पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों द्वारा लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग की जा रही थी। हालाँकि उन्होंने स्वीकार किया कि वह अभी इससे पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं, क्योंकि स्थाई समाधान तभी संभव होगा जब रिंग रोड का निर्माण नाला सहित पूरा किया जाएगा।
बहुत जल्द धरातल पर उतरेगा सड़क निर्माण कार्य :
श्रेयसी सिंह ने आगे बताया कि हांसडीह से होकर बिहारी, कल्याणपुर और नीमा तक का सड़क निर्माण कार्य जल्द ही धरातल पर उतारा जाएगा। इससे शहर के मुख्य इलाकों को जोड़ने और यातायात में सुधार लाने का उद्देश्य है। रिंग रोड के बनने से जमुई के नागरिकों को एक सुरक्षित और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।
शहर के विकास में रिंग रोड होगा मील का पत्थर :
विधायक ने रिंग रोड को शहर के विकास में एक मील का पत्थर बताया और कहा कि इससे यातायात में सुधार आएगा और विकास को बढ़ावा मिलेगा। रिंग रोड परियोजना से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और सुविधाओं में भी वृद्धि होगी।
विभिन्न अधिकारी और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में रहे उपस्थित :
इस अवसर पर नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. प्रियंका गुप्ता, विधिज्ञ संघ महासचिव अमित कुमार, सहायक अभियंता चिरंजीवी, कनीय अभियंता चंद्र भूषण कुमार, वार्ड प्रतिनिधि गब्बर सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दुर्गा केसरी, बृजनंदन सिंह, वार्ड आयुक्त ममता देवी, बेबी देवी, कुलदीप यादव, वार्ड प्रतिनिधि पप्पू साह, टीपू केसरी, रोहित पासवान, दिवाकर राम, सहदेव यादव, धनंजय चंद्रवंशी, भाजपा नेता शंकर साह, जयंत चौधरी और नीमा शांति समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment