**साइकिल यात्रा एक विचार: पर्यावरण संरक्षण के लिए जमुई में 461वीं यात्रा संपन्न, युवाओं ने किया पौधारोपण**
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : जमुई में पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध "साईकिल यात्रा एक विचार" समूह ने रविवार को अपनी 461वीं यात्रा संपन्न की। यह यात्रा जमुई प्रखंड परिसर से शुरू हुई, जो कचहरी चौक और केकेएम कॉलेज होते हुए सिरचन्द नवादा नगर परिषद तक पहुंची। इस यात्रा के दौरान समूह के सदस्यों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से 20 पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर युवाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही, जो पर्यावरण के प्रति जागरूकता का शुभ संकेत है।
पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर :
यात्रा के दौरान सदस्य रणधीर कुमार ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, "पर्यावरण हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, और इसकी रक्षा में लापरवाही का अर्थ हमारा स्वयं का विनाश करना है।" वहीं, सिंटू कुमार ने पर्यावरणीय संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की बात की, खासकर कोयला और पेट्रोलियम जैसे गैर-नवीकरणीय संसाधनों के उपयोग पर ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
अजीत कुमार ने पर्यावरण क्षरण को मानव अस्तित्व के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा, "मानव जाति के कल्याण के लिए पर्यावरण का संरक्षण और सुधार आवश्यक है। प्राकृतिक संसाधनों का बुद्धिमानी से उपयोग वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करेगा।"
पर्यावरण के साथ स्वच्छता का महत्व :
यात्रा के समापन पर राहुल ऋतुराज ने स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, "पर्यावरण के साथ-साथ स्वच्छता भी हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। यदि हम अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखें, तो हम बेहतर और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।"
उपस्थित सदस्य :
इस यात्रा में शामिल प्रमुख सदस्यों में हरेराम कुमार सिंह, संजय कुमार, अजीत कुमार, सिंटू कुमार, राहुल ऋतुराज, रणधीर कुमार के साथ दीपक कुमार, छोटू कुमार, ललन कुमार, और रविशंकर कुमार भी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment