**जमुई में 1200 बालिकाओं और महिलाओं के लिए उच्च शिक्षा केंद्र का उद्घाटन** - City Channel

Breaking

Monday, November 4, 2024

**जमुई में 1200 बालिकाओं और महिलाओं के लिए उच्च शिक्षा केंद्र का उद्घाटन**

**जमुई में 1200 बालिकाओं और महिलाओं के लिए उच्च शिक्षा केंद्र का उद्घाटन**


सिटी संवाददाता : भूपेन्द्र सिन्हा/अभिषेक सिन्हा 


खैरा/जमुई : जिले के खैरा प्रखंड के खड़ाइच पंचायत के केंडीह ग्राम में सोमवार को प्रगति कैंप का शुभारंभ किया गया। केंडीह पंचायत की मुखिया उषा देवी ने इस कैंप का उद्घाटन फीता काटकर किया। इस आयोजन का उद्देश्य उन किशोरियों और महिलाओं को शिक्षा से जोड़ना है, जिन्होंने किसी कारणवश अपनी पढ़ाई अधूरी छोड़ दी थी।


70 प्रगति केंद्रों की स्थापना और शिक्षण की योजना :

समग्र सेवा संस्था द्वारा खैरा, बरहट, जमुई, और झाझा में कुल 70 प्रगति केंद्रों का संचालन किया जाएगा, जहां 14 से 29 वर्ष की किशोरियों और महिलाओं को पढ़ना-लिखना सिखाया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत, उन्हें जून 2025 में मेट्रिक परीक्षा पास कराने का लक्ष्य रखा गया है।


प्रेरक दीदियों को पुस्तक कीट वितरण :

इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु 2 नवंबर 2024 को समग्र सेवा प्रगति परियोजना के अंतर्गत प्रेरक दीदियों को बीबॉस ओपन स्कूल की दसवीं कक्षा की तैयारी के लिए पुस्तक कीट वितरित की गई। संस्था के सचिव मकेश्वर रावत ने बताया कि जमुई, खैरा, गिद्धौर, झाझा, चकाई, बरहट, और लक्ष्मीपुर प्रखंडों के विभिन्न गांवों में इस कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है।


महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य : 

कार्यक्रम की संचालिका राज नंदनी ने बताया कि समग्र सेवा के माध्यम से 1200 बालिकाओं और महिलाओं का बीबॉस ओपन स्कूल में दसवीं कक्षा में नामांकन कराया गया है। अगले वर्ष जून 2025 में ये सभी महिलाएं और बालिकाएं बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड की मेट्रिक परीक्षा में शामिल होकर अपनी शिक्षा को एक नया आयाम देंगी। संस्था का उद्देश्य है कि इन महिलाओं और बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाते हुए उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया जाए।

इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से 70 प्रेरक दीदी, संस्था कार्यकर्ता सरोज कुमार, रवि रंजन, बबलू कुमार, और सौरव कुमार भी उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

Pages