अंतरराष्ट्रीय श्रमिक स्मृति दिवस पर पर्यावरण भारती द्वारा फलदार और औषधीय वृक्षों का पौधारोपण
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
पटना : अंतरराष्ट्रीय श्रमिक स्मृति दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा राजेन्द्र नगर स्थित परिसर में आँवला जैसे फलदार वृक्ष और करंज जैसे औषधीय वृक्षों का पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पटना महानगर पेड़ उपक्रम प्रमुख हिमालय ने किया, जबकि बाढ़ जिला संयोजक सुरेंद्र कुमार सिन्हा ने सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर संस्कृत भारती के विस्तारक अंकुश कुमार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के लिए प्रकृति नहीं, बल्कि मानव द्वारा अंधाधुंध विकास और वृक्षों की कटाई जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक प्रगति के नाम पर हरे-भरे जंगलों को नष्ट कर कंक्रीट के जंगल बना दिए गए हैं, जिससे भूजल स्तर औसतन 15 फीट नीचे चला गया है और वैश्विक तापमान में वृद्धि से जन-जीवन प्रभावित हो रहा है।
पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण पांच 'ज' से बना है—जल, जमीन, जंगल, जानवर और जन (मानव)। यदि इनमें से किसी का भी अस्तित्व खतरे में पड़ा तो मानव जीवन भी स्वतः संकट में आ जाएगा। उन्होंने जल संरक्षण, जमीन बचाने हेतु पॉलिथीन के प्रयोग में कमी, वृक्षारोपण के माध्यम से जंगलों को सुरक्षित रखने और वन्य जीवों के संरक्षण का संदेश दिया।
राम बिलास शाण्डिल्य ने बताया कि 28 अप्रैल 1989 को पहली बार अंतरराष्ट्रीय श्रमिक स्मृति दिवस मनाया गया था। इसका उद्देश्य उन श्रमिकों को श्रद्धांजलि देना है जो कार्यस्थलों पर दुर्घटनाग्रस्त होकर मारे गए, विकलांग हुए या बीमार पड़े। साथ ही, जीवित श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए संघर्ष करना भी इसका मुख्य उद्देश्य है।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय श्रमिक स्मृति दिवस की थीम है—"हमारे जीवन के लिए लड़ो, अभी सुरक्षित नौकरियाँ मिले।" शाण्डिल्य ने कहा कि श्रमिकों के कल्याण हेतु सख्त कानून, उचित प्रशिक्षण और निष्पक्ष व्यवहार जरूरी है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर पौधारोपण करना श्रमिकों के प्रति एक सच्ची श्रद्धांजलि है।
पौधारोपण कार्यक्रम में हिमालय, सुरेंद्र कुमार सिन्हा, अंकुश कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, क्रिकेट प्रशिक्षक संतोष कुमार, प्रणव कुमार, अरुण कुमार, कुलदीप कुमार, उज्जवल कुमार, श्याम किशोर राय और विपिन सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
No comments:
Post a Comment