जमुई जिले में महिला संवाद कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ, संवाद रथ को दिखाई गई हरी झंडी
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
जमुई : जमुई जिले में महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके विचारों को मंच देने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में महिला संवाद कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जिला पदाधिकारी (उप विकास आयुक्त) सुभाष चन्द्र मंडल ने की और इसी अवसर पर संवाद रथ को हरी झंडी दिखाकर जिले के सभी प्रखंडों की ओर रवाना किया।
इस मौके पर कुल 11 संवाद रथ को रवाना किया गया जो जिले के दसों प्रखंडों के 1245 ग्राम संगठनों तक पहुंचेंगे। प्रत्येक संवाद रथ प्रतिदिन दो पालियों में 22 ग्राम संगठनों में संवाद करेगा — पहली पाली सुबह 9 से 11 बजे तक और दूसरी पाली शाम 4 से 6 बजे तक। यह अभियान करीब दो महीने तक चलेगा।
प्रभारी जिला पदाधिकारी (उप विकास आयुक्त) सुभाष चन्द्र मंडल ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना है और गांव-टोले की सामाजिक समस्याओं व आवश्यकताओं पर चर्चा करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से की गई थी, जहां उन्होंने प्रदेशभर के संवाद रथों को हरी झंडी दिखाई।
जमुई जिले के दसों प्रखंडों में महिला संवाद कार्यक्रम के तहत जमुई सदर में लखनपुर पंचायत का सृष्टि ग्राम संगठन, झाझा में जामुखरैया पंचायत का अन्नपूर्णा ग्राम संगठन, सोनो में दहियारी पंचायत का भारत ग्राम संगठन, सिकंदरा में खरदीह पंचायत का कोमल ग्राम संगठन, खैरा में खैरा पंचायत का महरानी ग्राम संगठन, लक्ष्मीपुर में हरला पंचायत का लक्ष्मी ग्राम संगठन, बरहट में गूगालदीह पंचायत का सागर ग्राम संगठन, ई.अलीगंज: पुरसंडा पंचायत का हरीशक्ति ग्राम संगठन, गिद्धौर:में रतनपुर पंचायत का सरोज ग्राम संगठन, चकाई में चंद्रमंदीह पंचायत का चाहत ग्राम संगठन और रामचंदरडीह पंचायत का शुभम ग्राम संगठन जैसे स्थानों पर आयोजन किए गए।
इन आयोजनों में प्रत्येक ग्राम संगठन में दो से तीन सौ महिलाओं की भागीदारी देखी गई। कार्यक्रम में महिलाओं को योजनाओं से संबंधित ऑडियो-वीडियो क्लिप दिखाए गए, लीफलेट बांटे गए, और लाभान्वित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। अंत में ग्रामीण महिलाओं ने सामाजिक मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।
इस मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक एवं अन्य जीविका कर्मी भी मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment