महिला संवाद: योजनाओं की जानकारी के साथ दर्ज हो रही महिलाओं की आवाज़ - City Channel

Breaking

Wednesday, April 23, 2025

महिला संवाद: योजनाओं की जानकारी के साथ दर्ज हो रही महिलाओं की आवाज़

महिला संवाद: योजनाओं की जानकारी के साथ दर्ज हो रही महिलाओं की आवाज़

सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

जमुई, 23 अप्रैल — राज्य के समावेशी विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम संगठन स्तर पर महिला संवाद कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर जारी है। इसी क्रम में बुधवार को जमुई जिले के विभिन्न प्रखंडों में जीविका द्वारा प्रायोजित कुल 22 ग्राम संगठनों में महिला संवाद सफलतापूर्वक आयोजित हुए।

भीषण गर्मी के बावजूद महिलाओं की उपस्थिति और उत्साह इस बात का प्रमाण रहा कि यह पहल जमीनी स्तर पर प्रभावी हो रही है। संवाद रथ के माध्यम से योजनाओं की जानकारी देने वाले वीडियो कार्यक्रम ने महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जीविका कर्मियों सहित पंचायत आयोजन दल ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

समस्याएं, समाधान और सुझाव—सब कुछ एप में दर्ज
चकाई प्रखंड के योगीडीह और अंडीडीह गांवों में पहली पाली के महिला संवाद में 500 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से पक्की सड़क, नाला, सोलर लाइट, पुस्तकालय, वृद्धा पेंशन और विधवा पेंशन की राशि बढ़ाने जैसी मांगें रखीं।

प्राची पंचायत के नावाडीह गांव में दूसरी पाली में मां शीतला ग्राम संगठन के कार्यक्रम में 200 से अधिक महिलाओं की भागीदारी रही। इस दौरान 45 मिनट की फिल्म के जरिए महिलाओं को बिहार सरकार की योजनाओं— जैसे महिला आरक्षण, नशामुक्ति अभियान, बाल विवाह और दहेज उन्मूलन अभियान, मेधावृत्ति योजना, बालिका पोशाक योजना आदि—के बारे में जानकारी दी गई।

महिलाओं को मुख्यमंत्री संदेश पत्र पढ़कर सुनाया गया और उसकी प्रतियां भी वितरित की गईं। बजरंग बली स्वयं सहायता समूह की सचिव ललिता देवी ने बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद उन्होंने डायटीशियन कोर्स किया और अब चकाई में खुद का थेरेपी सेंटर चला रही हैं। वहीं कई महिलाओं ने सड़कों की जर्जर स्थिति और खराब चापाकलों की समस्या को भी सामने रखा।

सभी मांगों और समस्याओं को मौके पर उपस्थित कर्मियों द्वारा मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज किया गया, जिन्हें संबंधित विभागों को भेजा जाएगा।

1245 ग्राम संगठनों में हो रहे हैं संवाद
उल्लेखनीय है कि 18 अप्रैल से ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पूरे राज्य में महिला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। जमुई जिले में कुल 1245 ग्राम संगठनों में 14 जून तक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य की विकास योजनाओं के नीति निर्धारण में महिलाओं की आकांक्षाओं को भी स्थान मिले। 

No comments:

Post a Comment

Pages