झारखंड: शीतकालीन सत्र से पहले कैबिनेट विस्तार की तैयारी तेज
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : प्रकाश कुमार सिंह
रांची: झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया तेज हो गई है। संभावना है कि शीतकालीन सत्र से पहले नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शनिवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद दिल्ली रवाना हो गए हैं, जहां वह केंद्रीय नेतृत्व के साथ मंत्रियों के नाम पर चर्चा करेंगे।
संभावित नाम और समीकरण में कांग्रेस कोटे से अनुसूचित जाति वर्ग से राधाकृष्ण किशोर, सुरेश बैठा या सुरेश पासवान में से किसी एक का चयन किया जाएगा। अगड़ी जाति से अनूप सिंह का नाम सबसे आगे है। महिला मंत्री के रूप में दीपिका पांडे सिंह का नाम चर्चा में है। झामुमो कोटे से लुई मरांडी का नाम संभावित है।राजद कोटे से एक मंत्री बनाए जाने की बात तय है। नाम पर अंतिम फैसला लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव करेंगे।
मुख्यमंत्री की प्राथमिकता:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संकेत दिए हैं कि कैबिनेट में नए चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे में 2-3 अनुभवी विधायकों को छोड़कर बाकी नए विधायकों को मंत्री बनाए जाने की संभावना है।
गठबंधन का संदेश:
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो ने मुख्यमंत्री को चौथी बार पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी और कहा कि जनता ने विकास की राजनीति पर भरोसा जताया है। महागठबंधन को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद गठबंधन सरकार ने जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का वादा किया है।
अगले कदम :
माना जा रहा है कि 3 दिसंबर तक मंत्रियों के नाम फाइनल हो जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री कैबिनेट विस्तार की तारीख तय करेंगे।
झारखंड की जनता के समर्थन के साथ, नई सरकार से विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने की उम्मीद की जा रही है।
No comments:
Post a Comment