जमुई/बिहार : महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आज मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ किया गया। पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया।
जमुई समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने की। इस अवसर पर 200 से अधिक जीविका दीदियाँ उत्साहपूर्वक उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, डीपीएम जीविका संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जमुई, डीसीएलआर जमुई, निदेशक डीआरडीए, जिला स्तरीय विषयगत प्रबंधक समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व जीविका दीदियाँ मौजूद थीं।
डीएम श्री नवीन ने योजना की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रथम चरण में महिलाओं को 10 हजार रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में दी जाएगी। यह राशि उन्हें अपना रोजगार शुरू करने में मदद करेगी। छह महीने बाद समीक्षा कर सक्रिय रूप से काम कर रही महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना हेतु आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है और इसमें किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यदि कोई महिला से पैसे की मांग करता है तो तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दी जाए।
डीपीएम जीविका संजय कुमार ने कहा कि जिले के सभी पंचायतों में विशेष शिविर लगाकर महिलाओं को योजना से जोड़ा जाएगा। साथ ही जो महिलाएँ अभी तक जीविका समूह से नहीं जुड़ी हैं, उन्हें भी शामिल किया जाएगा।
इसके बाद डीएम श्री नवीन ने योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 7 से 26 सितम्बर तक यह वाहन जिले के 160 ग्राम संगठनों में पहुँचकर जानकारी और प्रेरणा देगा।
महिला संवाद कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार है—
- बरहट : 7 से 12 सितम्बर
- सोनो : 7 से 15 सितम्बर
- ई. अलीगंज : 7 से 15 सितम्बर
- खैरा : 7 से 15 सितम्बर
- लक्ष्मीपुर : 13 से 18 सितम्बर
- चकाई : 16 से 26 सितम्बर
- सिकंदरा : 16 से 24 सितम्बर
- झाझा : 16 से 24 सितम्बर
- जमुई सदर प्रखंड : 25 से 26 सितम्बर
कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह और शाम दो पाली में आयोजित किए जाएँगे।

No comments:
Post a Comment